Home » उत्तर प्रदेश » Etawah News: पटना से आनंद विहार जा रही स्पेशल ट्रेन में TTE से विवाद, चलती ट्रेन से कूदी नेवी ऑफिसर की पत्नी

Etawah News: पटना से आनंद विहार जा रही स्पेशल ट्रेन में TTE से विवाद, चलती ट्रेन से कूदी नेवी ऑफिसर की पत्नी

Navy officer wife
Navy officer wife

Etawah News: पटना से आनंद विहार जा रही स्पेशल ट्रेन (04089 पटना–आनंद विहार सुपरफास्ट) में बुधवार सुबह एक महिला ने साम्हो और भरथना रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कई घंटे के प्रयास के बाद मृतका की पहचान कानपुर देहात के पुखरायां निवासी आरती देवी (पत्नी अजय यादव) के रूप में की गई। आरती, भारतीय नौसेना के जवान अजय यादव की पत्नी थीं, जो इस समय चेन्नई में तैनात हैं।

अब जाने पूरा मामला

घटना बुधवार सुबह लगभग 9:35 बजे दिल्ली–हावड़ा रेलमार्ग पर फाटक संख्या 19, पोल संख्या 1132/5-7 के पास हुई। ट्रेन में सवार एक यात्री ने महिला को गिरते देखा और तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। मौके पर पहुँचे रेलवे और पुलिस कर्मियों को महिला का शव पटरियों के पास मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के एक हाथ पर गर्म पट्टी बंधी हुई थी, जो लगभग 200 मीटर दूर पड़ी मिली। शव के पास ब्लूटूथ डिवाइस मिला, लेकिन मोबाइल फोन और बैग नहीं पाया गया, जिससे संदेह और बढ़ गया है।

Etawah News: टीटीई से टिकट को लेकर विवाद की जानकारी

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमिल कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला के पास दूसरी ट्रेन का टिकट था। वह गलती से पटना–आनंद विहार स्पेशल ट्रेन में चढ़ गई थीं। टीटीई ने जब टिकट चेक किया तो इस पर विवाद हुआ। अधिकारियों का कहना है कि टिकट विवाद के बाद ही महिला ने चलती ट्रेन से कूदने का कदम उठाया। रेलवे ने संबंधित टीटीई और यात्रियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आईआरसीटीसी से जुटाए गए डाटा के आधार पर पता चला कि महिला ट्रेन के एस-11 कोच की सीट संख्या 4 पर यात्रा कर रही थीं। इसी सीट नंबर के आधार पर उनकी पहचान कानपुर देहात के भोगनीपुर, गायत्री नगर अहरौली शेख की निवासी आरती यादव के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक आरती दिल्ली दवा लेने के लिए अकेले यात्रा कर रही थीं।

पुलिस के सामने कई सवाल? 

महिला के पास सोने की चेन और अंगूठी मिली है, लेकिन मोबाइल और बैग गायब हैं। इससे पुलिस कई संभावनाओं की जांच कर रही है क्या महिला किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए कूदी? क्या यह पूरी तरह से टिकट विवाद का मामला है? कहीं यह दबाव, डर या किसी साजिश का परिणाम तो नहीं?

मामले में साम्हो चौकी इंचार्ज कोमल सिंह ने बताया कि महिला की मौत ट्रेन से कूदने के कारण हुई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस और रेलवे अधिकारी कोच में सफर कर रहे यात्रियों से पूछताछ कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्य ही पूरे मामले की दिशा स्पष्ट करेंगे।

Report By: रामकुमार राजपूत 

ये भी पढ़े… UP News: बलरामपुर में 3 कांस्टेबल निलंबित, शराब के नशे में महिला कांस्टेबल को गलत तरीके से छूने का आरोप