Gold Silver Price: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव के साथ-साथ अमेरिका में अगले साल फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों का असर बुधवार को बाजार पर साफ दिखाई दिया। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन सोने और चांदी की कीमतें नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 0.5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया।
एमसीएक्स पर सोना-चांदी नए रिकॉर्ड पर पहुंचे
घरेलू बाजार की बात करें तो एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने का दाम बढ़कर 1,38,676 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं मार्च कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी की कीमत भी 2 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 2,24,300 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई।

खबर लिखे जाने तक एमसीएक्स पर सोना 625 रुपये यानी 0.45 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,38,510 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 4,207 रुपये यानी 1.92 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,23,860 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड हो रही थी। बीते कुछ समय से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और दोनों धातुएं बार-बार नया रिकॉर्ड बना रही हैं।
Gold Silver Price: डॉलर कमजोर, सोना-चांदी की मांग बढ़ी
कारोबार के दौरान डॉलर इंडेक्स में करीब 0.20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। डॉलर के कमजोर होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी सस्ते हुए, जिससे इनकी मांग और बढ़ गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के प्राइम रिसर्च प्रमुख देवर्ष वकील के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता और अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने और चांदी में पैसा लगा रहे हैं। इसी वजह से हाजिर सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया, जबकि चांदी ने भी नया रिकॉर्ड बनाते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में 72 डॉलर का स्तर पार कर लिया।
उन्होंने बताया कि सिर्फ दिसंबर महीने में ही चांदी की कीमतों में करीब 24 प्रतिशत की तेजी आई है, जबकि बीते एक साल में इसमें 135 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसकी मुख्य वजह मांग का बढ़ना और आपूर्ति का सीमित रहना है।

प्लेटिनम और पैलेडियम में भी तेजी
इस साल घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में अब तक 76 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त हो चुकी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह बढ़त 70 प्रतिशत से अधिक रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रदर्शन 1979 के बाद सबसे बेहतर माना जा रहा है। सोने और चांदी के साथ-साथ प्लेटिनम की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है। कई दशकों बाद पहली बार प्लेटिनम 2,300 डॉलर प्रति औंस के ऊपर पहुंच गया, जबकि पैलेडियम के दामों में भी मजबूती दर्ज की गई।
Gold Silver Price: रूस की घटना से बढ़ा वैश्विक तनाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महीने अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने प्रतिबंधों के तहत वेनेजुएला का तेल ले जा रहे एक सुपर टैंकर को जब्त किया था। इसके अलावा वेनेजुएला से जुड़े दो अन्य जहाजों को रोकने की कोशिश भी की गई, जिससे अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव और बढ़ गया। इसके अलावा, सोमवार को रूस के एक सैन्य अधिकारी की बम धमाके में मौत की खबर से भी वैश्विक तनाव बढ़ा, जिसका सीधा असर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ा।
सोना-चांदी के लिए सपोर्ट लेवल क्या हैं?
विशेषज्ञों का कहना है कि सोने को 1,35,550 से 1,34,710 रुपये के दायरे में सपोर्ट मिल सकता है, जबकि चांदी के लिए 2,11,150 से 2,10,280 रुपये के बीच सपोर्ट लेवल माना जा रहा है। केंद्रीय बैंकों की ओर से लगातार सोने की खरीद, फेड की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें, अमेरिकी टैरिफ को लेकर चिंताएं, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में मजबूत निवेश ने इस साल कीमती धातुओं की कीमतों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।






