Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद की यातायात व्यवस्था आज नगर पालिका की भारी लापरवाही और उदासीनता की भेंट चढ़ गई। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके ओवरब्रिज पुल के पास बिना किसी पूर्व योजना के दिन के उजाले में यू-टर्न मार्ग खुदवा देने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस गैर-जिम्मेदाराना फैसले के कारण मुख्य मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे हजारों राहगीर घंटों फंसे रहे।
रात के बजाय दिन में शुरू किया कार्य
नियमतः व्यस्ततम चौराहों या यू-टर्न पर मरम्मत का कार्य रात के समय किया जाता है ताकि आम जनता को असुविधा न हो। लेकिन लखीमपुर नगर पालिका ने नियमों को ताक पर रखकर पीक ऑवर (व्यस्त समय) में ही खुदाई का कार्य शुरू करा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। नगर पालिका की इस उदासीनता का सबसे खौफनाक मंजर तब देखने को मिला जब जाम में गंभीर मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस भी घंटों फंसी रहीं। चीखते सायरन के बावजूद जगह न होने के कारण एंबुलेंस टस से मस नहीं हो सकीं। इसके अलावा स्कूली बच्चे, ऑफिस जाने वाले लोग और आम राहगीर चिलचिलाती धूप और जाम में पस्त नजर आए।
Lakhimpur Kheri: जनता में भारी आक्रोश
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि “जब प्रशासन को पता है कि यह शहर का मुख्य मार्ग है, तो खुदाई का कार्य रात में क्यों नहीं कराया गया?” नगर पालिका की इस कार्यशैली ने न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को ध्वस्त किया है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी खतरे में डाल दिया है।
प्रशासनिक मौन पर सवाल
घंटों लगे इस भीषण जाम के दौरान यातायात पुलिस को भी स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन खुदाई के कारण रास्ता संकरा होने से सारे प्रयास विफल साबित हुए। अब सवाल यह उठता है कि क्या इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होगी या जनता इसी तरह सिस्टम की खामियों का खामियाजा भुगतती रहेगी?
Report By: संजय कुमार
ये भी पढ़े… लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: 23 भैंसों से भरी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलटी, 12 बेजुबानों की मौत







