MP Forest Tourism: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार वन पर्यटन को बढ़ावा देकर जंगलों में रहने वाले परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
राजधानी भोपाल में आयोजित भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों की बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वन पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वनों के भीतर रहने वाले ग्रामीण और जनजातीय समुदायों के साथ मिलकर सरकार उनके आजीविका के साधन मजबूत कर रही है।
वन विभाग की भूमिका की सराहना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश का वन विभाग देश के बेहतरीन विभागों में से एक है। चीता परियोजना से लेकर वन्य प्राणियों के संरक्षण तक वन विभाग ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का सबसे बड़ा टाइगर स्टेट है और अब चीता स्टेट के रूप में भी पहचान बना चुका है।
MP Forest Tourism: वन्य जीव संरक्षण में नई उपलब्धियां
सीएम ने बताया कि राज्य को बीते दो वर्षों में दो नए टाइगर रिजर्व मिले हैं। इसके साथ ही घड़ियाल, मगरमच्छ और अन्य वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही असम से जंगली भैंसा भी मध्य प्रदेश लाया जाएगा।
नदियों में जीव संरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में नर्मदा नदी में मगरमच्छ छोड़े गए हैं और आने वाले समय में चंबल नदी में घड़ियाल छोड़े जाने की योजना है। इसके अलावा राज्य सरकार कछुओं की दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य भी कर रही है।
MP Forest Tourism: हाथियों के संरक्षण पर विशेष ध्यान
मोहन यादव ने बताया कि अब हाथी भी स्थायी रूप से मध्य प्रदेश में बस चुके हैं। हाथियों के संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए वन अमले को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में दुर्घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत तक कमी आई है।
समृद्ध मध्य प्रदेश की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि राज्य में वन संपदा के संरक्षण और विकास की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और मध्य प्रदेश वन पर्यटन व वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में देश में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
ये भी पढ़े… ‘राहुल ने असम का अपमान किया’, गमछा और चाय पर अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला







