Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद में जान देने के लिए चार मंजिला मकान की छत से लटक गई किशोरी, फायरकर्मियों ने बचाई जान

गाजियाबाद में जान देने के लिए चार मंजिला मकान की छत से लटक गई किशोरी, फायरकर्मियों ने बचाई जान

Ghaziabad news

UP News: गाजियाबाद जिल के खोड़ा थाना क्षेत्र में आज मंगलवार तड़के एक 16 वर्षीय किशोरी का चार मंजिला मकान की छत पर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया। लाल मंदिर के पास यह घटना तब हुई जब किशोरी अचानक घर की चौथी मंजिल पर पानी की टंकी पर चढ़ गई और नीचे कूदने की धमकी देने लगी। इस दौरान इलाके में अफरातफरी मच गई और लोगों की चिंता बढ़ गई।

फायर सर्विस ने समय पर किया बचाव

चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि सुबह लगभग चार बजे 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि खोड़ा इलाके में लाल मंदिर के पास एक किशोरी पानी की टंकी पर बैठकर कूदने की धमकी दे रही है। सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन की डिजास्टर वैन और फायर टीम तुरंत मौके पर रवाना हुई। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि किशोरी लगातार कूदने की कोशिश कर रही थी और आसपास खड़े लोगों की समझाइशों को नजरअंदाज कर रही थी। किशोरी की जिद और खतरनाक स्थिति को देखते हुए फायरमैन विनय यादव, आयुष्मान और विकास ने सूझबूझ दिखाते हुए पड़ोसी की छत का इस्तेमाल कर किशोरी तक पहुँचने की योजना बनाई।

किशोरी को नीचे उतारने में फायरमैनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई बार उसे मनाने के प्रयास के बाद आखिरकार किशोरी सुरक्षित नीचे उतार ली गई। इसके बाद उसे तुरंत उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। घटना के दौरान खोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और पूरे ऑपरेशन को नजदीकी से मॉनीटर किया। चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने कहा कि ऐसे मामलों में समय पर सही रणनीति और सूझबूझ से कार्रवाई करना बेहद जरूरी है। हमारी टीम ने न केवल अपने साहस का परिचय दिया बल्कि एक जीवन को सुरक्षित बचाने में सफलता भी हासिल की।

इस दौरान आसपास के लोगों ने भी फायर टीम का मार्गदर्शन किया और किशोरी को समझाने की कोशिश की। हालांकि फायरमैनों की पेशेवर योजना के बिना यह काम संभव नहीं था। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि मानसिक स्वास्थ्य और युवाओं के लिए समय पर सहायता कितनी महत्वपूर्ण है।

Report BY: विभु मिश्रा

ये भी पढ़े… CM योगी का बड़ा बयान बोले- ‘पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए?’