ख़बर का असर

Home » उत्तर प्रदेश » लखीमपुर में बेखौफ दबंगई! युवक को सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा, तमाशबीन बनी भीड़

लखीमपुर में बेखौफ दबंगई! युवक को सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा, तमाशबीन बनी भीड़

Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक दबंग द्वारा युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। फिल्मी अंदाज में हुई इस मारपीट का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि बीच सड़क पर मानवता शर्मसार होती रही और लोग मदद के बजाय तमाशबीन बने रहे।

दुकान में कैद करने की कोशिश

मामला मझगई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत छेदुई पतियां का है। चश्मदीदों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक दबंग ने पीड़ित युवक को घेर लिया। दबंग के हौसले इतने बुलंद थे कि उसने पहले युवक को एक दुकान के अंदर खींचकर शटर गिराने की कोशिश की, ताकि अंदर ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की जा सके। हालांकि, युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर दुकान से बाहर भाग निकला। लेकिन दबंग का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उसने भाग रहे युवक को सड़क पर दौड़ाकर दबोच लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने इलाके में दहशत फैला दी। दबंग ने युवक का कॉलर पकड़कर उसे बीच सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया।

Lakhimpur Kheri: लात-घूंसों की बौछार

सड़क पर घसीटने के बाद दबंग ने युवक पर लात, घूंसों और थप्पड़ों की बौछार कर दी। पीड़ित रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन हमलावर का दिल नहीं पसीजा। वह उसे बार-बार सड़क पर पटकता और घसीट-घसीट कर मारता रहा। इस दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी आगे आकर बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहे, जबकि युवक मौत और जिंदगी के बीच संघर्ष कर रहा था।

घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझने के बजाय सिर्फ कागजी खानापूर्ति कर अपना पल्ला झाड़ लिया है। पीड़ित का कहना है कि दबंग खुलेआम घूम रहा है और उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित अब अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित है। चर्चा है कि आरोपी की रसूख के चलते पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।

क्षेत्र में आक्रोश का माहौल

मझगई थाना क्षेत्र के छेदुई पतियां गांव में इस घटना के बाद से तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए, तो दबंगों के हौसले और बढ़ जाएंगे। सरेराह इस तरह की गुंडागर्दी पुलिस के इकबाल पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है। अब देखना यह होगा कि लखीमपुर खीरी के उच्च अधिकारी इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Report BY: संजय कुमार 

ये भी पढ़े… गाजियाबाद में ’50 हजार’ की रिश्वत लेते पकड़े गए SHO जयपाल रावत, विभाग में मचा हड़कंप

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

khabar india YouTube posterKhabar India YouTube

राशिफल