Ghaziabad News: गाजियाबाद के भारत सिटी बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 से मंगलवार रात करीब 2 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां रहने वाली तीन सगी बहनें, जिनकी उम्र 12 से 16 साल के बीच बताई जा रही है हाथों में हाथ डालकर नौवीं मंजिल की बालकनी से कूद पड़ीं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। गिरने की तेज आवाज सुनकर कॉलोनीवासी दौड़े और पुलिस को खबर की।
कोरियन गेम की आदी हो चुकी थीं बहनें
परिवार के मुताबिक, बहनें एक खतरनाक ऑनलाइन ‘टास्क बेस्ड कोरियन लवर गेम’ की आदी हो चुकी थीं। पिता ने उन्हें गेम बंद करने की सख्त हिदायत दी और फटकार लगाई। इसी नाराजगी में तीनों ने सुसाइड का कदम उठा लिया। फिलहाल परिवार शोक में डूबा है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया हम हर कोण से जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक निष्कर्ष से साफ है कि यह सुसाइड ही है। बहनें एक साथ रहती थीं और मोबाइल पर गेम खेला करती थीं। अब फोन की फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से पूरी सच्चाई सामने लाएंगे।

यह गेम सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर तेजी से फैल रहा है। अनजान व्यक्ति खुद को कोरियन या विदेशी लवर बताकर संपर्क करता है। शुरुआत प्यार-व्यार की मधुर बातों से होती है। फिर हल्के-फुल्के टास्क दिए जाते हैं जैसे फोटो शेयर करना या छोटे-मोटे चैलेंज। भरोसा बनते ही टास्क कठिन हो जाते हैं। न मानने पर धमकियां शुरू पारिवारिक सम्मान खराब करने या नुकसान पहुंचाने की धमकी। नतीजा बच्चे मानसिक तनाव में डूब जाते हैं, व्यवहार चिड़चिड़ा हो जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह साइबर ग्रूमिंग का रूप है जो खासकर किशोरों को निशाना बनाता है। भारत में ऐसे कई केस सामने आ चुके हैं जहां गेम ने जिंदगियां बर्बाद कीं।
Ghaziabad News: बच्चियों के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद
वहीं मामले में एसीपी टीला मोड़ अतुल कुमार ने बताया कि पुलिस को रात करीब दो बजे सूचना मिली थी कि टीला मोड़ की भारत सिटी सोसायटी के बी-टावर में तीन बच्चियों की नौवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि सोसायटी परिसर में टावर के नीचे तीन सगी नाबालिग बच्चियां गिरी पड़ी थीं। पुलिस उन्हें लेकर तुरंत लोनी स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने बताया कि बच्चियों की पहचान सोसायटी के टावर-बी के फ्लैट संख्या 907 में रहने वाले चेतन कुमार की बेटियों निशिका (16), प्राची (14) और पाखी 12 साल के रूप में हुई है। एसीपी के मुताबिक पुलिस को फ्लैट की जांच में बच्चियों के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसके बाद अब पुलिस सुसाइड नोट के साथ-साथ दूसरे एंग्लो से भी मामले की जांच कर रही है।
जबकि इस मामले में सोसायटी एओए के पदाधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि उन्हें रात सोसायटी के गार्ड ने इस घटना की सूचना दी थी। जिस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी थी। सूचना पर सभी पुलिस अधिकारी यहां पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि अभी तक की जानकारी में सामने आया है कि तीनों बहने एक ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन लवर गेम खेला करती थीं। शायद उसी के चलते इन बहनों ने ये घातक कदम उठाया है।
डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतें
यह हादसा सोशल मीडिया के अंधेरे पक्ष को उजागर करता है। अभिभावक बच्चों के फोन इस्तेमाल पर नजर रखें। अनजान चैट्स ब्लॉक करें ओपन टॉकिंग को बढ़ावा दें। सरकार और पुलिस को ऐसे गेम्स पर सख्ती बरतनी होगी ऐप स्टोर्स से हटाना जागरूकता कैंपेन चलाना जरूरी। एनसीआर क्षेत्र में साइबर क्राइम बढ़ रहे हैं ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। अगर बच्चा चुपचाप फोन में डूबा हो या अजीब व्यवहार करे तो तुरंत काउंसलर से संपर्क करें।
ये भी पढ़े… मोहम्मदी में ‘बिना नंबर’ की गाड़ी से आए शातिर ठग का तांडव, QR कोड के जाल में फंसाकर दुकानदार को सरेआम लूटा







