UP News: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को परेशान करने के गंभीर आरोपों में एक हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी बुलंदशहर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ केस दर्ज कराया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पहले पढ़े क्या था मामला?
नगर कोतवाली क्षेत्र के भूड़ इलाके की रहने वाली युवती का कहना है कि वह एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है। जिसके इंस्टाग्राम पर करीब 70 हजार फॉलोअर्स हैं। वह डांस से जुड़े वीडियो बनाती है। युवती के अनुसार, फैज अंसारी नाम का युवक कई महीनों से उसे परेशान कर रहा था। वह उसकी वीडियो उठाकर अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट करता और गालियां देता था।
UP News: शारीरिक संबंध बनाने का दबाव
पीड़िता के अनुसार ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसने फैज अंसारी की शिकायत नगर कोतवाली में की थी। वहां उसे बताया गया कि हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप राठी उसकी मदद करेंगे। मामले की जानकारी लेने के बहाने सिपाही ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में उसे इंस्टाग्राम पर फॉलो कर लिया। इसके बाद आरोपी हेड कॉन्स्टेबल लगातार कॉल और मैसेज करने लगा। पीड़िता के मुताबिक, वह रात 12 बजे कॉल कर ‘आई लाइक यू’ कहता था और शहर के एमएमआर मॉल में मिलने के लिए दबाव बनाता था। युवती का आरोप है कि सिपाही ने शारीरिक संबंध बनाने का भी दबाव डाला।

युवती ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई थी और आत्महत्या तक का विचार करने को मजबूर हो गई। जब उसने आरोपी की बात मानने से इनकार किया, तो हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप राठी ने फैज अंसारी के साथ मिलकर उसके परिवार वालों को उसके घर भेजकर धमकियां दिलवाईं। पीड़िता ने सवाल उठाया कि जब एक महिला पुलिस स्टेशन में मदद मांगने जाए और वहीं से उसे प्रताड़ित किया जाए, तो महिला की सुरक्षा आखिर कहां है?
एसएसपी ने की सख्त कार्रवाई
मामले की शिकायत मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने तत्काल प्रभाव से हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप राठी को निलंबित कर दिया। आरोपी फैज अंसारी और कुलदीप राठी दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। फिलहाल, इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… योगी सरकार के एक्शन से कांप उठा महकमा, गाजियाबाद-एटा और बुलंदशहर के SDM सस्पेंड, जानें क्या है मामला?







