UP News: अमरोहा जनपद के नौगावां सादात कस्बे में शिया समुदाय के लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का पुतला दहन कर उसके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पूरा इलाका आतंकवाद विरोधी नारों से गूंज उठा, जिससे कुछ समय के लिए कस्बे का माहौल गरमा गया।
आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान पर दुनिया भर में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकी संगठनों को संरक्षण दे रहा है, जिसके चलते निर्दोष लोगों की जान जा रही है। हाल ही में पाकिस्तान में एक शिया मस्जिद में हुए विस्फोट का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया और इसकी कड़ी निंदा की। शिया समुदाय के लोगों का कहना था कि मस्जिद जैसे पवित्र स्थल को निशाना बनाना न केवल एक समुदाय पर हमला है, बल्कि पूरी इंसानियत पर हमला है। इसी घटना के विरोध में वे सड़कों पर उतरे और अपने आक्रोश का खुलकर इजहार किया।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जा सके। वक्ताओं ने कहा कि आतंकवाद किसी एक देश या धर्म की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के लिए खतरा है।
UP News: दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई मांग
कुछ प्रदर्शनकारियों ने भावुक अंदाज में कहा कि यदि सरकार उन्हें अवसर दे, तो वे स्वयं आतंकवाद के गढ़ में जाकर देश का तिरंगा फहराने को तैयार हैं। उनका कहना था कि देश की एकता, अखंडता और शांति के लिए हर नागरिक को एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
शिया समुदाय के लोगों ने अंत में यह संदेश दिया कि वे आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं और देश की सुरक्षा व शांति के लिए सरकार के हर सख्त कदम का समर्थन करते हैं। उन्होंने मांग की कि आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त न किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
रिपोर्ट-. मौ अज़ीम
ये भी पढ़े… दौलतपुर गांव में ग्राम प्रधान के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क और जलभराव की समस्या से जनजीवन बेहाल







