Entertainment news: ‘धुरंधर’ की सफलता का जश्न मना रहे अभिनेता रणवीर सिंह के लिए मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक तरफ जहां वह अपनी हिट फिल्म के दूसरे पार्ट की तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें धमकी भरा मैसेज मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह को व्हाट्सएप के जरिए वॉइस नोट भेजकर करोड़ों रुपये की मांग की गई है। मामले की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस हरकत में आ गई और जांच शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, रणवीर सिंह को एक अनजान शख्स ने व्हाट्सएप वॉइस नोट भेजकर धमकी दी है। इस वॉइस नोट में न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी गई है, बल्कि करोड़ों रुपये की मांग भी की गई है। धमकी मिलने के बाद इस मामले की सूचना मुंबई पुलिस को दी गई, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस वॉइस नोट भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है।हालांकि, अब तक रणवीर सिंह या उनकी टीम की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Entertainment news: ‘धुरंधर’ की सफलता के बीच आया झटका
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह हाल ही में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ में नजर आए थे। फिल्म में उन्होंने भारतीय जासूस ‘हमजा’ का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर चुकी है और अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी स्ट्रीम हो रही है। फिल्म की अपार सफलता के बाद ‘धुरंधर’ के दूसरे पार्ट का ऐलान भी हो चुका है, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है।
Entertainment news: ‘डॉन 3’ से एग्जिट बना विवाद की वजह
इसी बीच रणवीर सिंह फिल्म ‘डॉन 3’ से अपने कथित एग्जिट को लेकर भी विवादों में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर के अचानक प्रोजेक्ट छोड़ने से फिल्म की शूटिंग और प्रोडक्शन पर असर पड़ा, जिसके चलते प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में जाता नजर आ रहा है। खबरें ये भी हैं कि रणवीर की जगह अब ऋतिक रोशन को कास्ट किया जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि इस फैसले से प्रोडक्शन हाउस को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
40 करोड़ के मुआवजे की चर्चा
Entertainment news: सूत्रों के अनुसार, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने हुए नुकसान की भरपाई के लिए रणवीर सिंह से करीब 40 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। हालांकि रणवीर सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि वह किसी भी तरह की भरपाई के लिए जिम्मेदार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: ₹9 करोड़ के बकाया मामले में राजपाल यादव ने किया सरेंडर, तेज प्रताप यादव ने की ₹11 लाख की मदद







