UP News: थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के ग्राम पचोकरा मेहरबान अली में पत्नी की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका के पति नरेन्द्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में नामजद शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने पुलिस पर बयान बदलवाने के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप भी लगाया है।
पत्नी पर चाकू से किया था हमला
नरेन्द्र सिंह के अनुसार, 4 फरवरी को गांव के ही धीरज, नीरज, मुनीराम, बृजपाल और अनीता ने मिलकर उनकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में थाना अमरोहा देहात में एफआईआर संख्या 36/26 दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धीरज और नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन अन्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ित का आरोप है कि घटना में मुनीराम पुत्र देवीचरन की भूमिका भी अहम थी। उनका कहना है कि वारदात के समय मुनीराम ने उनकी पत्नी को पीछे से पकड़ रखा था, जबकि धीरज और नीरज ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। नरेन्द्र सिंह ने बताया कि शोर सुनकर उनकी पत्नी की बड़ी बहन राजेश्वरी मौके पर पहुंचीं और उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान मुनीराम ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं।
UP News: गांव में तनाव का माहौल
नरेन्द्र सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस को मुनीराम का नाम बताया तो उन्हें थाने बुलाकर कथित रूप से दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि उनसे गाली-गलौज की गई और बयान बदलने के लिए कहा गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मुनीराम खुलेआम समझौते का दबाव बना रहा है और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। मामले में नामजद आरोपी बृजपाल गांव में राशन की दुकान संचालित करता है। पीड़ित के अनुसार, इस संबंध में एसडीएम स्तर से भी कार्रवाई का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है। नरेन्द्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक से सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने तथा परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्चाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने को मजबूर होंगे।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्ट-मौ. अज़ीम






