UP News: मुरादाबाद जनपद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अगवानपुर स्थित दीवान शुगर मिल से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जिस युवक को मिल की मशीन में कटकर मृत बताया जा रहा था, वह जिंदा निकला। पुलिस ने कथित मृतक अरविंद को उसके घर से सकुशल बरामद कर लिया है और पूरे मामले की गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
अब पढ़े मामला…
जानकारी के अनुसार, शुगर मिल में कार्यरत कर्मचारी अरविंद के बारे में खबर फैली कि वह मिल की चेन में फंसकर कट गया है और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मिल परिसर पहुंच गए और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि मिल प्रशासन की गंभीर लापरवाही के चलते अरविंद की जान गई है। आक्रोशित लोगों ने मिल की मशीनें बंद करवा दीं और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिल परिसर में छानबीन की, लेकिन काफी तलाश के बावजूद कोई शव बरामद नहीं हुआ। इससे मामला और उलझ गया। पुलिस ने जब गहराई से जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ—अरविंद जीवित है और अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर पहुंचकर उसे बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में अरविंद ने बताया कि वह काम के दौरान थक गया था और बिना किसी को सूचना दिए घर चला गया था। उसके अचानक गायब हो जाने और मिल परिसर में मशीन के पास मिले खून जैसे दागों को देखकर लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई। बाद में जांच में सामने आया कि जिसे खून समझा जा रहा था, वह दरअसल मोबिल (मशीन ऑयल) था।
UP News: घटनाक्रम ने खड़े किए कई सवाल?
अरविंद के जिंदा मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली। जहां पहले मातम और आक्रोश का माहौल था, वहीं अब खुशी का वातावरण है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं-आखिर बिना पुष्टि के मौत की खबर कैसे फैल गई? मिल प्रबंधन और कर्मचारियों ने तत्काल स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की? पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि अफवाह कैसे फैली और किस स्तर पर चूक हुई। फिलहाल अरविंद से विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटनाक्रम किस तरह सामने आया।
फिलहाल, यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां परिजन युवक के सकुशल मिलने से खुश हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन भविष्य में ऐसी अफवाहों से बचने के लिए सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं।
Report By: BP Upadhyay
ये भी पढ़े… इस्लामाबाद मस्जिद हमले के विरोध में मुरादाबाद में कैंडल मार्च, इमाम-ए-मेहदी यूथ मिशन ने जताया रोष







