Bangladesh News: बांग्लादेश में वोट चोरी और हिंसा की आशंकाओं के बीच गुरुवार को आम चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। बांग्लादेश चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 12 बजे तक देशभर में 32.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ईसी के सीनियर सेक्रेटरी अख्तर अहमद ने बताया कि 42,651 पोलिंग स्टेशनों में से 32,789 से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर यह प्रतिशत सामने आया है। 300 संसदीय सीटों में से 299 पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। इस चुनाव पर भारत की पैनी नजर है, क्योंकि इसके नतीजे द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा पर सीधा असर डाल सकते हैं।
भारत-बांग्लादेश संबंधों में उतार-चढ़ाव
शेख हसीना सरकार के पतन के बाद दोनों देशों के संबंधों में ठंडापन आया है। अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस पर पाकिस्तान और चीन के प्रति झुकाव के आरोप लगे हैं। भारत का रुख साफ रहा है कि बांग्लादेश में जल्द लोकतांत्रिक और निष्पक्ष चुनाव होने चाहिए। भारत के लिए यह चुनाव इसलिए अहम है क्योंकि नई सरकार के साथ भविष्य की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी तय होगी।
Bangladesh News: सुरक्षा और सीमा प्रबंधन बड़ी चिंता
भारत और बांग्लादेश के बीच करीब 4,000 किलोमीटर लंबी सीमा है, जो भारत की किसी भी पड़ोसी देश के साथ सबसे लंबी सीमा है। कई हिस्सों में बाड़ नहीं होने से अवैध घुसपैठ, तस्करी, नकली करेंसी और आतंकवाद की आशंका बनी रहती है। अधिकारियों के अनुसार, एक मजबूत और स्थिर सरकार से सीमा सुरक्षा और काउंटर-टेरर सहयोग मजबूत हो सकता है।
व्यापार और रणनीतिक साझेदारी दांव पर
हसीना सरकार के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा सहयोग और काउंटर-टेरर ऑपरेशन मजबूत हुए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि अस्थिरता से वर्षों की रणनीतिक साझेदारी को नुकसान हो सकता है। सर्वे में बीएनपी को बढ़त बताई गई है। भारत को उम्मीद है कि नई सरकार के साथ आपसी सहयोग और ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ को मजबूती मिलेगी।
ये भी पढ़ें…तृणमूल कांग्रेस ने ट्रेड यूनियन हड़ताल को किया नाकाम, तुफानगंज में शहर रहा सामान्य







