Bihar News: बिहार के सिवान जिले में गुरुवार देर रात अपराधियों ने एक पत्रकार को गोली मार दी। घायल पत्रकार की पहचान हिंदुस्तान अखबार के प्रखंड संवाददाता रमेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अब जानें पूरा मामला…
जानकारी के अनुसार, घटना पचरुखी थाना क्षेत्र के भवानीपुर इलाके में रात करीब 10 बजे हुई। बदमाशों ने रमेश कुमार को उस वक्त गोली मारी जब वे अपनी बाइक लेने के बाद घर लौट रहे थे। गोली उनके पेट में लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सिवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया।
Bihar News: एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और फोरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया है। एसपी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

घायल पत्रकार रमेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि कुछ वर्ष पूर्व पचरुखी में हुई एक गैंगवार के मामले में एक अपराधी ने उनसे केस से नाम हटवाने में मदद मांगी थी। मदद से इनकार करने पर उसे जेल जाना पड़ा और वहीं से उन्हें धमकियां मिली थीं। रमेश कुमार का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति जेल से बाहर आने के बाद दुबई चला गया और उसी ने इस हमले की साजिश रची। हालांकि उन्होंने आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पूर्व में दिए गए आवेदन और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
2015 की घटना की याद ताजा
इस घटना ने वर्ष 2015 में हिंदुस्तान अखबार के तत्कालीन प्रभारी राजदेव रंजन की हत्या की यादें भी ताजा कर दी हैं। स्टेशन रोड स्थित फल मंडी के पास बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस मामले की जांच बाद में सीबीआई को सौंपी गई थी और कई आरोपियों को सजा भी हुई थी। ताजा घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश है और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस हमले के पीछे कौन लोग हैं और उन्हें कब तक कानून के शिकंजे में लाया जाता है।
Report By: रवि कुमार गुप्ता
ये भी पढ़े… विकास के दावों पर सवाल? रोहतास में 15 वर्षीय दिव्यांग को 10 साल में नहीं मिला योजनाओं का लाभ






