UP News: संभल में पुलिस विभाग से जुड़ी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। यहां पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने भ्रष्टाचार और अवैध वसूली की गंभीर शिकायतों के बाद पूरी एसओजी (विशेष अभियान समूह) टीम को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
दो गंभीर शिकायतों के बाद कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक को हाल ही में एसओजी टीम के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में शिकायतें मिली थीं। पहला मामला 2 फरवरी की रात का बताया जा रहा है। आरोप है कि एसओजी टीम ने मुरादाबाद के बिलारी निवासी आस मोहम्मद को ई-कचरा ले जाते हुए पकड़ा और उसे चौधरी सराय पुलिस चौकी ले गई। शिकायत के अनुसार, टीम ने कथित तौर पर उससे पैसे लेकर छोड़ दिया और बरामद ई-कचरा भी अपने पास रख लिया। जबकि दूसरे मामले में आरोप है कि एक व्यक्ति ने युवक-युवती का कथित अश्लील वीडियो एसओजी टीम को सौंपा था। इसके आधार पर टीम ने दो युवकों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई किए बिना रिश्वत लेकर छोड़ दिया गया।
UP News: जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए
दोनों मामलों की जांच पुलिस अधीक्षक स्तर पर कराई गई। जांच में आरोपों में प्रथम दृष्टया सत्यता पाई गई। इसके बाद एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार समेत पूरी टीम को निलंबित कर दिया।निलंबित पुलिसकर्मियों में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल अरशद और कुलवंत सिंह के साथ सिपाही अजनबी, विवेक कुमार, बृजेश तोमर, आयुष और हीरेश ठेनुआ शामिल हैं।
फिलहाल, बोबिंद्र कुमार को स्वाट टीम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्हें थाना रायसत्ती का प्रभारी बनाया गया था, लेकिन एक जनप्रतिनिधि की शिकायत के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था। वर्तमान में वह पुलिस लाइन में तैनात थे। पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई को विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, एसओजी की नई टीम के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़े… लखीमपुर में DM-SP का कड़ा रुख, थाना समाधान दिवस में फरियादियों को तुरंत न्याय के निर्देश






