Greater Noida Violence: ग्रेटर नोएडा के ग्रेनो वेस्ट इलाके में स्थित आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी में हाल ही में एक गंभीर घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि मामूली तौर पर हॉर्न बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, लेकिन बात इतनी बढ़ गई कि कुछ लोगों ने युवक और उसके साथ मौजूद युवतियों के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। आरोप है कि दबंगों ने बेसबॉल से हमला किया और सभी को बुरी तरह पीटा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इस घटना का करीब 19 सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में दिखता है कि सोसाइटी के बाहर कार के पास कुछ लोग एक युवक को बुरी तरह मार रहे हैं। जब एक युवती उसे बचाने के लिए कार से बाहर निकलती है, तो आरोपी उसके बाल पकड़कर उसे नीचे गिरा देते हैं और उसके साथ भी मारपीट करते हैं। जानकारी के अनुसार, उनके साथ मौजूद दूसरी युवती को भी नहीं छोड़ा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई।

Greater Noida Violence: हिंदू और जाट संगठन सक्रिय
घटना के बाद यह मामला तूल पकड़ गया है। हिंदू संगठन और जाट संगठन इस मामले में सक्रिय हो गए हैं। बताया गया कि पीड़िता की मां अपनी बेटियों के साथ तीन दिन पहले अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी दांतल के कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटियों के साथ बेहद क्रूरता से मारपीट की गई। यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने पिटाई करने के बाद घटना से जुड़े वीडियो जबरन डिलीट करवा दिए।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार
इसी मुद्दे को लेकर हिंदू और जाट संगठन एकजुट होकर बिसरख थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गाजियाबाद के रहने वाले 32 वर्षीय शाहरुख और 21 वर्षीय अजीम शामिल हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हॉर्न विवाद बना हिंसा कारण
जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद केवल दो बार हॉर्न बजाने से शुरू हुआ था। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने पीड़ित की कार को ओवरटेक कर रोका और फिर हमला कर दिया। युवतियों को भी बेरहमी से पीटा गया। यहां तक कि एक युवती के कपड़े भी फाड़ दिए गए और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस पूरी घटना में बेसबॉल से मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल हिंदू और जाट संगठनों ने पुलिस से मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।






