T20 World Cup: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार शुरुआत की है। टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने पहले तीनों मुकाबले जीत लिए हैं और सुपर-8 में जगह बना ली है। अब बुधवार को ग्रुप स्टेज का अगला मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया को अपने तीन आक्रामक बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। पिछले तीन मैचों में ये तीनों खिलाड़ी अपने नाम के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

नंबर एक बल्लेबाज की फॉर्म चिंता
ओपनर अभिषेक शर्मा इस समय टी20 फॉर्मेट के नंबर एक बल्लेबाज माने जाते हैं और दुनिया के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। लेकिन इस विश्व कप की शुरुआत से ही वह फिटनेस से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने अब तक दो पारियां खेली हैं और दोनों बार शून्य पर आउट हुए हैं। अमेरिका के खिलाफ वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। नामीबिया के खिलाफ उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। पाकिस्तान के खिलाफ भी वह चार गेंद खेलने के बाद बिना रन बनाए आउट हो गए। सुपर-8 चरण से पहले टीम प्रबंधन चाहेगा कि अभिषेक नीदरलैंड के खिलाफ बड़ी और तेज पारी खेलकर अपनी फॉर्म में वापसी करें।

T20 World Cup: अच्छी शुरुआत, बड़ी पारी अब बाकी
तिलक वर्मा ने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच अमेरिका, नामीबिया और पाकिस्तान खेले हैं। हर बार उन्हें अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन वह उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने अमेरिका के खिलाफ 16 गेंदों में 25 रन बनाए। नामीबिया के खिलाफ 21 गेंदों में 25 रन बनाए और पाकिस्तान के खिलाफ 24 गेंदों में 25 रन जोड़े। अब वह नीदरलैंड के खिलाफ लंबी पारी खेलकर अपना आत्मविश्वास मजबूत करना चाहेंगे।
निचले क्रम में रिंकू की परीक्षा
रिंकू सिंह निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, इसलिए जब वह क्रीज पर आते हैं तो आमतौर पर ज्यादा गेंदें नहीं बचतीं। इसके बावजूद अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ वह उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 14 गेंदों में 6 रन बनाए। नामीबिया के खिलाफ 6 गेंदों में सिर्फ 1 रन बना सके। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 4 गेंदों में 11 रन बनाकर थोड़ी तेजी दिखाई। अगर नीदरलैंड के खिलाफ उन्हें मौका मिलता है, तो वह तेज और प्रभावशाली पारी खेलकर सुपर-8 से पहले टीम की निचले क्रम की बल्लेबाजी को मजबूत करना चाहेंगे।






