Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गांधीनगर के सेक्टर-21 स्थित महाराष्ट्र भवन में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र भवन परिसर शिवाजी महाराज के जयघोष से गूंज उठा।
घोड़े पर सवार प्रतिमा का अनावरण
महाराष्ट्र भवन में स्थापित घोड़े पर सवार शिवाजी महाराज की इस प्रतिमा का अनावरण गृह मंत्री अमित शाह ने उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, महाराष्ट्रीयन समाज के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों की उपस्थिति में किया।
Amit Shah: साहस, रणनीति और स्वराज की अमर प्रेरणा
अमित शाह ने कहा कि यह प्रतिमा वर्तमान ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी शिवाजी महाराज के साहस, रणनीतिक दृष्टि और ‘स्वराज’ के प्रति उनके अटूट समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज की वीरता और सुशासन के आदर्श आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं।
16 वर्ष की उम्र में लिया था स्वराज का संकल्प
गृह मंत्री ने शिवाजी महाराज की ऐतिहासिक विरासत को याद करते हुए कहा कि जब भारत विदेशी शासन के अधीन था, तब मात्र 16 वर्ष की उम्र में उन्होंने पुणे के रायेश्वर महादेव मंदिर में ‘हिंदवी स्वराज’ की स्थापना का संकल्प लिया। माता जीजाबाई के संस्कार और शिवाजी महाराज का दृढ़ निश्चय भारत को गुलामी से मुक्त करने की नींव बना।
Amit Shah: सनातन संस्कृति को मजबूती का प्रतीक
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और सोमनाथ मंदिर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रयास शिवाजी महाराज के आदर्शों को आगे बढ़ाने वाले हैं और सनातन संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।
मातृभाषा और नौसेना की नींव
उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने फारसी और उर्दू जैसी विदेशी भाषाओं के बजाय संस्कृत और मराठी को महत्व दिया और भारतीय नौसेना की मजबूत नींव रखी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारतीय नौसेना ने अधीनता के प्रतीकों को हटाकर ‘शिव मुद्रिका’ को अपनाया है।
Amit Shah: गुजरात-महाराष्ट्र की सांस्कृतिक कड़ी
अमित शाह ने राष्ट्रीय कवि झवेरचंद मेघाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि गुजरात में आज भी गाया जाने वाला गीत ‘शिवाजी नु हलारडू’ बच्चों में देशभक्ति और वीरता का संस्कार भरता है।
देशभक्ति की भावना जगाएगी प्रतिमा
प्रतिमा की जीवंतता और घोड़े पर सवार शिवाजी महाराज के यथार्थ चित्रण की सभी ने सराहना की। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करेगी। इस अवसर पर राज्य भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक जगदीश विश्वकर्मा, गांधीनगर महापौर मीरा पटेल, विधायक रिताबेन पटेल, उपमहापौर नातुजी ठाकोर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े… भारत और फ्रांस के रिश्तों में नया मोड़? रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने क्या कहा, जानिए अंदर की बात






