AI Impact Summit 2026: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए स्वीडन, फिनलैंड और यूनाइटेड किंगडम के बड़े नेता भारत पहुंच चुके हैं। समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के असर, इसके भविष्य और इसके सही इस्तेमाल पर चर्चा हो रही है।

फिनलैंड और स्वीडन के नेता भारत पहुंचे
फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ऑर्पो और स्वीडन की उपप्रधानमंत्री और ऊर्जा, व्यवसाय व उद्योग मंत्री एब्बा बुश बुधवार सुबह भारत आए। वहीं यूनाइटेड किंगडम के उपप्रधानमंत्री डेविड लैमी मंगलवार रात दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने सभी नेताओं का स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, विज्ञान, नवाचार, जलवायु और शिक्षा जैसे कई क्षेत्रों में अच्छा सहयोग है। वहीं फिनलैंड के प्रधानमंत्री की यह यात्रा डिजिटल तकनीक, एआई, स्थिरता और शिक्षा में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री पेटेरी ऑर्पो का हवाई अड्डे पर कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत सिंह ने स्वागत किया।

AI Impact Summit 2026: भारत-ब्रिटेन रिश्तों को नई मजबूती
यूके के उपप्रधानमंत्री डेविड लैमी की भारत यात्रा को भारत और ब्रिटेन के रिश्तों के लिए अहम माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह साझेदारी जिम्मेदार और भरोसेमंद एआई को बढ़ावा देगी, जिससे नए विचार, आर्थिक विकास और साझा लाभ को ताकत मिलेगी।
यह इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 पांच दिन तक चलेगा। इसमें आने वाले दिनों में और भी कई अंतरराष्ट्रीय नेता शामिल हो सकते हैं। सम्मेलन का मकसद ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना और ‘मानवता के लिए एआई’ के सिद्धांत पर काम करना है।
राष्ट्राध्यक्ष स्तर की सहभागिता
इस समिट में 110 से ज्यादा देश, 30 अंतरराष्ट्रीय संगठन, करीब 20 राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख स्तर के प्रतिनिधि और लगभग 45 मंत्री हिस्सा ले रहे हैं। यह एआई समिट श्रृंखला का चौथा सम्मेलन है। इससे पहले यह सम्मेलन ब्लेचली पार्क (यूके) में 2023, दक्षिण कोरिया में 2024 और फ्रांस में 2025 में हो चुका है।
ये भी पढ़े…‘सहकार से समृद्धि’ का मेगा प्लान: गांधीनगर से अमित शाह का 265 करोड़ का मास्टरस्ट्रोक






