Home » राष्ट्रीय » Bangla News: आसनसोल के वार्ड 20 में सड़क को लेकर विवाद

Bangla News: आसनसोल के वार्ड 20 में सड़क को लेकर विवाद

Bangla News

Bangla News: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में सड़क को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आसनसोल नगर निगम के 20 नंबर वार्ड अंतर्गत सेनरेले क्षेत्र में एक कथित सड़क को घेरने को लेकर ग्रामीणों और जमीन मालिक के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पेश कर रहे हैं, जबकि आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का दावा: वर्षों पुरानी है सड़क

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि विवादित स्थान पर वर्षों से सड़क मौजूद है और इसी रास्ते से इलाके के लोग रोजाना आना-जाना करते रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार अचानक सड़क को घेर दिए जाने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। उनका साफ कहना है कि यह रास्ता पहले भी था और आगे भी सार्वजनिक उपयोग के लिए बना रहना चाहिए।

Bangla News: जमीन मालिक का पक्ष: रिकॉर्ड में सड़क नहीं

वहीं जमीन मालिक केशव मंडल ने ग्रामीणों के दावों को खारिज किया है। उनका कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड और नक्शों में उस स्थान पर किसी भी सड़क का उल्लेख नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब कर रहे हैं और ग्रामीणों के आंदोलन के पीछे किसी अन्य व्यक्ति का हाथ हो सकता है। केशव मंडल का यह भी आरोप है कि हाल के दिनों में उनकी जमीन की बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी, समाधान की कोशिश

घटना के बाद जमीन मालिक की ओर से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें…उत्तराखंड में फॉरेस्ट फायर सीजन की तैयारी पूरी, मॉक ड्रिल आयोजित