Uproar the AI Summit: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
समिट के बीच अचानक विरोध
समिट की कार्यवाही के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मंच के पास पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के समय देश-विदेश से आए कई दिग्गज, सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विदेशी डेलीगेट्स मौजूद थे।
Uproar the AI Summit: टी-शर्ट उतारकर लगाए नारे
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर “पीएम इज कंप्रोमाइज” जैसे नारे लगाए। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में कुछ समय के लिए व्यवधान पैदा हो गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया गया और कई यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
Uproar the AI Summit: यूथ कांग्रेस का पक्ष, पुलिस का बयान
यूथ कांग्रेस के विरोध पर उदय भानु चिब ने मीडिया से बातचीत में कहा,“ये नारे सिर्फ यूथ कांग्रेस के गुस्से की अभिव्यक्ति नहीं हैं, बल्कि देश के युवाओं का गुस्सा है।” मामले पर दिल्ली पुलिस के आनंद मिश्रा ने कहा,“हमने प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
सोशल मीडिया पर भी बयान
इंडियन यूथ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि एआई समिट के चमकदार मंच के पीछे देश के वास्तविक मुद्दों को दबाया नहीं जा सकता। संगठन ने आरोप लगाया कि जब देशहित से ऊपर कॉरपोरेट हित नजर आएं और विदेश नीति में नरमी दिखे, तब विरोध कर्तव्य बन जाता है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद एआई समिट की कार्यवाही दोबारा सामान्य रूप से शुरू कर दी गई।
ये भी पढ़े… बाबरी नाम पर मस्जिद निर्माण रोकने की मांग खारिज, सुप्रीम कोर्ट का साफ संदेश






