Shivraj Singh: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नाफेड) की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस बैठक में दलहन और तिलहन की खरीद व्यवस्था, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का पूरा लाभ दिलाने और संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। मंत्री ने एमएसपी पर खरीद को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।
एमएसपी पर खरीद को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के निर्देश
शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एमएसपी पर खरीद व्यवस्था को और सुदृढ़, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए। उनका कहना था कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य बिना किसी विलंब के मिलना चाहिए, और इसके लिए खरीद केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। विशेष रूप से दलहन फसलों जैसे तुअर, उड़द और मसूर की प्राथमिकता से खरीद पर जोर दिया गया।
Shivraj Singh: दलहन आत्मनिर्भरता मिशन की योजना
चौहान ने प्रस्तावित “दलहन आत्मनिर्भरता मिशन” पर भी चर्चा की, जिसका उद्देश्य देश को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाना और आयात पर निर्भरता कम करना है। इस मिशन के तहत उन्नत बीजों की उपलब्धता, तकनीकी सहयोग और प्रभावी विपणन तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया है।
बिचौलियों से मुक्ति और प्रभावी व्यवस्था
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता है कि किसानों को बिचौलियों से मुक्त कर सीधे सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ा जाए। उन्होंने राज्य सरकारों के साथ समन्वय को मजबूत करने और खरीद एवं भंडारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने की बात की, ताकि किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।
ये भी पढ़ें…यूपी सरकार का बड़ा तोहफा, शिक्षा मित्र और अनुदेशकों की सैलरी में जबरदस्त बढ़ोतरी






