ख़बर का असर

Home » अंतर्राष्ट्रीय » 55 पाक सैनिक ढेर, 72 तालिबान मारे गए: अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर जंग जैसे हालात

55 पाक सैनिक ढेर, 72 तालिबान मारे गए: अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर जंग जैसे हालात

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर हुए हमलों और जवाबी हवाई कार्रवाई के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों देशों ने सैनिकों की मौत और चौकियों पर कब्जे को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में झड़पें जारी हैं, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ गई है।
सीमा पर हमले, एयरस्ट्राइक और बढ़ता तनाव

Afghanistan Pakistan Conflict: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर हालात एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। गुरुवार देर रात अफगानिस्तान की ओर से हमला किए जाने की खबर सामने आई। कुनार प्रांत में हुई इस कार्रवाई में तालिबान लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाया। टोलो न्यूज ने तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के हवाले से बताया कि इस हमले में पाकिस्तान के 55 सैनिक मारे गए।

23 शव, 19 चौकियां कब्जे में

अफगान सरकार का कहना है कि 23 पाकिस्तानी सैनिकों के शव उनके कब्जे में हैं। उनका दावा है कि पाकिस्तानी सेना के एक मुख्यालय और 19 चौकियों पर भी नियंत्रण कर लिया गया है। अफगानिस्तान के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत के अनुसार, कुछ पाकिस्तानी सैनिकों को जिंदा पकड़ लिया गया है। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार, एक टैंक और एक हार्वेस्टर भी जब्त किए गए हैं।

दूसरी तरफ, पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ शुरू किया है। पाकिस्तान वायुसेना ने काबुल और नंगरहार सहित कई इलाकों में हवाई हमले किए। रिपोर्टों के मुताबिक ये एयरस्ट्राइक अभी भी जारी हैं। पाकिस्तान सरकार का दावा है कि अब तक 72 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए और 120 से ज्यादा घायल हुए हैं। 16 तालिबान चौकियों को नष्ट कर दिया गया और 7 पर कब्जा कर लिया गया है।

Afghanistan Pakistan Conflict: सीमा पर हमले, एयरस्ट्राइक और बढ़ता तनाव
सीमा पर हमले, एयरस्ट्राइक और बढ़ता तनाव

Afghanistan Pakistan Conflict: एयरस्ट्राइक वीडियो जारी, दावों में अंतर

पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में काबुल, कंधार और पक्तिका में की गई एयरस्ट्राइक के दृश्य दिखाए गए हैं।

हमलों में कितने लोग मारे गए, इसको लेकर दोनों देशों के दावे अलग-अलग हैं। अफगान रक्षा मंत्रालय का कहना है कि 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जिनमें से कुछ के शव अफगानिस्तान लाए गए और कई सैनिकों को जिंदा पकड़ा गया। अफगान पक्ष का यह भी कहना है कि पाकिस्तान के हमलों में उसके 8 लोग मारे गए और 11 घायल हुए। उनका दावा है कि 19 पाकिस्तानी चौकियों और दो सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया गया। अफगान अधिकारियों के मुताबिक यह लड़ाई लगभग चार घंटे चली और आधी रात के आसपास खत्म हो गई।

पाकिस्तान ने दावे खारिज किए

वहीं पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि केवल 2 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 3 घायल हुए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि 36 अफगान लड़ाके मारे गए। उन्होंने X पर लिखा कि पाकिस्तान बिना किसी उकसावे की गई फायरिंग का सख्त और प्रभावी जवाब दे रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ अली जैदी ने यह बात नकारी कि किसी भी पाकिस्तानी सैनिक को पकड़ा गया है।

फिलहाल नंगरहार, नूरिस्तान, कुनार, खोस्त, पक्तिया और पक्तिका जैसे सीमावर्ती इलाकों में झड़पें जारी हैं। ये क्षेत्र डूरंड लाइन के पास स्थित हैं। खासकर नंगरहार के गोश्ता जिले और कुनार प्रांत में स्थिति ज्यादा तनावपूर्ण बताई जा रही है।

सीमा पर हमले, एयरस्ट्राइक और बढ़ता तनाव
सीमा पर हमले, एयरस्ट्राइक और बढ़ता तनाव

Afghanistan Pakistan Conflict: टीटीपी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक दावा

इससे पहले 22 फरवरी को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदरूनी हिस्सों में हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान का कहना था कि यह कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े ठिकानों के खिलाफ थी। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा था कि यह अभियान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया और जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे कदम उठाए जाएंगे।

रविवार को भी पाकिस्तान ने सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक की थी। पाकिस्तान के उप गृह मंत्री तलाल चौधरी ने दावा किया था कि TTP के ठिकानों पर हमले में कम से कम 70 लड़ाके मारे गए। बाद में पाकिस्तानी अखबार डॉन ने यह संख्या 80 तक बताई।

नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप

अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की थी। तालिबान का आरोप था कि इन हमलों में आम नागरिकों को निशाना बनाया गया। टोलो न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, नंगरहार में एक घर पर हमले के बाद एक ही परिवार के 23 लोग मलबे में दब गए थे।

अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि पाकिस्तान को सही समय पर कड़ा जवाब दिया जाएगा। मंत्रालय ने इन हवाई हमलों को देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया था।

पाकिस्तान लंबे समय से तालिबान सरकार पर दबाव डालता रहा है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकी संगठन द्वारा न किया जाए। इस्लामाबाद का आरोप है कि TTP अफगानिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहा है, जबकि तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है।

Afghanistan Pakistan Conflict: आतंकी हमलों से बढ़ा तनाव

सोमवार को जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की, उससे कुछ घंटे पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में एक सुरक्षा काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था। इस हमले में दो सैनिक, जिनमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल शामिल थे, मारे गए।

16 फरवरी को पाकिस्तान के बाजौर में विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी सुरक्षा चौकी से टकरा गई थी। इस घटना में 11 सैनिक और एक बच्चे की मौत हुई थी। अधिकारियों ने हमलावर को अफगान नागरिक बताया था।

6 फरवरी को इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती विस्फोट हुआ था। अखबार डॉन के मुताबिक इस हमले में 31 लोगों की मौत हुई और 169 लोग घायल हुए। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी।

डूरंड लाइन विवाद से बढ़ा तनाव

अक्टूबर में सीमा पर हुई हिंसक झड़पों के बाद से दोनों देशों के रिश्ते और तनावपूर्ण हो गए हैं। उस समय सैनिकों और नागरिकों की मौत के बाद हालात बिगड़ गए थे। 19 अक्टूबर को कतर की मध्यस्थता से युद्धविराम हुआ था, लेकिन तुर्किये के इस्तांबुल में हुई बातचीत किसी औपचारिक समझौते तक नहीं पहुंच सकी।

9 अक्टूबर को काबुल में TTP के ठिकानों पर हवाई हमले हुए थे। तालिबान का कहना था कि ये हमले पाकिस्तान ने किए, हालांकि पाकिस्तान ने सीधे तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की। उसने तालिबान को चेतावनी जरूर दी थी कि वह अपनी जमीन पर TTP को पनाह न दे।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन को लेकर लंबे समय से विवाद चलता आ रहा है। दोनों देश अक्सर एक-दूसरे पर आतंकियों को शरण देने और सीमा पार हमले कराने का आरोप लगाते रहते हैं। 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें…महाराष्ट्र विधान परिषद में उठा वीर सावरकर को भारत रत्न देने का प्रस्ताव

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

khabar india YouTube posterKhabar India YouTube

राशिफल