Air india: एयर इंडिया ने सोमवार को लंदन से बेंगलुरु आने वाली अपनी इंटरनेशनल फ्लाइट को उड़ान से ठीक पहले रोक दिया। यह फैसला बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में तकनीकी खराबी की आशंका के बाद लिया गया। पायलट ने विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित गड़बड़ी की सूचना दी थी, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से विमान को ग्राउंड कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-132 लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाली थी। लेकिन इंजन स्टार्ट के दौरान बाएं इंजन में फ्यूल कंट्रोल स्विच बार-बार रन पोजिशन में स्थिर नहीं रह पाया और कट-ऑफ पोजिशन की ओर लौट गया। इसे गंभीर तकनीकी संकेत मानते हुए एयर इंडिया ने तुरंत उड़ान रोक दी।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने क्या कहा?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया, “हमारे एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की रिपोर्ट दी है। शुरुआती जानकारी मिलते ही विमान को ग्राउंड कर दिया गया और मामले की जांच के लिए OEM (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर) को शामिल किया गया है।” प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी एविएशन रेगुलेटर DGCA को दे दी गई है। DGCA के निर्देशों के बाद एयर इंडिया ने अपने पूरे बोइंग 787 बेड़े के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच कराई थी, जिसमें किसी तरह की समस्या सामने नहीं आई थी। “एयर इंडिया में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है,” प्रवक्ता ने स्पष्ट किया।
Air india: अहमदाबाद हादसे से जुड़ रहा है फ्यूल स्विच का मुद्दा
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे में भी फ्यूल स्विच में गड़बड़ी की बात सामने आई थी। 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर टेकऑफ के महज 32 सेकेंड बाद क्रैश हो गया था। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल और मेस की इमारतों पर जा गिरा था। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि जमीन पर मौजूद 19 लोगों की जान चली गई थी। कुल मृतकों की संख्या 260 तक पहुंच गई थी।
शुरुआती जांच में क्या सामने आया?
Air india: एएआईबी (Aircraft Accident Investigation Bureau) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के वक्त विमान के दोनों इंजन बंद हो गए थे। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग से संकेत मिला कि फ्यूल सप्लाई अचानक कट-ऑफ हो गई थी। हालांकि, इस हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
यह भी पढे़: सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, तीन दिनों में चांदी 36% और सोना 17% टूटा







