Ajit dobhal: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल ने इस सप्ताह कनाडा की राजधानी ओटावा में उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और साझा खतरों से निपटने को लेकर कई अहम सहमतियां बनीं। यह बातचीत भारत-कनाडा संबंधों को दोबारा गति देने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है।
भारत–कनाडा सुरक्षा सहयोग पर सहमति
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शनिवार को एनएसए डोवाल ने कनाडा के प्रधानमंत्री की उप सचिव और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं खुफिया सलाहकार नताली जी. ड्रौइन से मुलाकात की। यह बैठक भारत-कनाडा के बीच नियमित द्विपक्षीय सुरक्षा वार्ता के तहत हुई।
बैठक में दोनों पक्षों ने अपने-अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए चल रही पहलों की समीक्षा की और भविष्य के सहयोग के लिए एक साझा कार्य योजना पर सहमति जताई। इस कार्य योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून प्रवर्तन के क्षेत्रों में व्यावहारिक और परिणामोन्मुख सहयोग को बढ़ावा देना है।
Ajit dobhal: सुरक्षा संपर्क अधिकारी नियुक्त, ड्रग तस्करी पर कसेगा शिकंजा
वार्ता के दौरान एक अहम निर्णय दोनों देशों में सुरक्षा और कानून प्रवर्तन संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर लिया गया। इससे संचार तंत्र को बेहतर बनाने और नशीली दवाओं की अवैध तस्करी विशेष रूप से फेंटानिल प्रीकर्सर साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान में मदद मिलेगी।
साइबर सुरक्षा और आव्रजन पर भारत–कनाडा का संयुक्त कदम
दोनों देशों ने साइबर सुरक्षा में सहयोग को औपचारिक रूप देने पर भी सहमति जताई। इसके तहत नीतिगत समन्वय, साइबर खतरों से जुड़ी सूचनाओं का साझा करना और संयुक्त प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, धोखाधड़ी की रोकथाम और आव्रजन प्रवर्तन से जुड़े मुद्दों पर भी संयुक्त प्रयास आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया।
डोवाल की दो दिवसीय यात्रा के दौरान शुक्रवार को कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री से भी मुलाकात हुई। अधिकारियों के अनुसार, ये बैठकें भारत-कनाडा सुरक्षा संबंधों में सकारात्मक संकेत देती हैं और दोनों देशों के बीच भरोसा बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
ये भी पढ़े… लखीमपुर खीरी के मैगलगंज में अग्निकांड का तांडव, धू-धू कर जला उदल का आशियाना, गृहस्थी का सारा सामान राख







