Akhilesh Yadav Rally: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दादरी में आयोजित रैली से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया।
एयरपोर्ट को लेकर बड़ा आरोप
रैली में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में 7 एयरपोर्ट शुरू किए गए, लेकिन 6 बंद हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट का उद्घाटन विकास के लिए नहीं बल्कि उन्हें बेचने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार कम से कम यह वादा करे कि एयरपोर्ट का निजीकरण नहीं होगा।
Akhilesh Yadav Rally: किसानों को बड़ा वादा
सपा प्रमुख ने किसानों के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की जमीन तो ले ली, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया। उन्होंने ऐलान किया कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो किसानों को जमीन के बदले बाजार दर पर मुआवजा दिया जाएगा।
‘बीजेपी ने दिया धोखा’
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उसने जनता को सिर्फ वादों और घोषणाओं के जरिए गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि मुआवजे के नाम पर किसानों के साथ मजाक किया गया है, जबकि सपा सरकार के समय उन्हें बेहतर भुगतान मिलता था।
Akhilesh Yadav Rally: युवाओं और रोजगार पर निशाना
उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़े-बड़े एमओयू साइन किए, लेकिन जमीन पर कुछ भी नहीं उतरा। युवाओं को रोजगार नहीं मिला और वे नौकरी से दूर होते जा रहे हैं। सपा सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का वादा किया गया।
नोएडा और विकास पर बयान
नोएडा को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार ने ही मेट्रो और विकास कार्यों के जरिए दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ा था। उन्होंने बीजेपी पर अंधविश्वास और दिखावे की राजनीति करने का आरोप लगाया।
Akhilesh Yadav Rally: संविधान और राजनीति पर हमला
रैली में अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की नीतियां विभाजनकारी हैं और जब तक बीजेपी सत्ता में है, तब तक संविधान खतरे में रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि नकारात्मक राजनीति को हटाकर संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करें।
PDA और सामाजिक न्याय का मुद्दा
उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि समाज के 95 प्रतिशत लोगों के अधिकार और सम्मान के लिए है। PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता से ही सभी वर्गों की तरक्की संभव है।
Akhilesh Yadav Rally: चुनावी माहौल में तेज बयानबाजी
दादरी रैली के जरिए अखिलेश यादव ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले चुनाव में सपा आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी और किसानों, युवाओं व संविधान जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।







