Aligarh muslim university: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। खाना खाने के बाद टहलने निकले शिक्षक पर मौलाना आजाद लाइब्रेरी की कैंटीन के पास अचानक हमला किया गया, जिससे कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैंटीन के पास अचानक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही कैंटीन में मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान बदमाशों ने शिक्षक को निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
Aligarh muslim university: अस्पताल में मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राव दानिश के रूप में हुई है। वे एएमयू के पूर्व छात्र थे और वर्तमान में एबीके यूनियन स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद एसएसपी नीरज कुमार जादौन स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, कुछ दिन पहले छात्रों द्वारा एएमयू में बाहरी लोगों की अवैध एंट्री की शिकायत को भी जांच का अहम आधार बनाया गया है।
ये भी पढ़ें…बांग्लादेश की घटना पर विपक्ष की चुप्पी पर सीएम योगी का तीखा हमला






