Amit Shah In Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी की। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह दस्तावेज टीएमसी सरकार के 15 साल के शासन का “काला सच” सामने लाता है।
40 पन्नों की चार्जशीट में गंभीर आरोप
बीजेपी द्वारा जारी 40 पन्नों की चार्जशीट ‘टीएमसी के 15 साल, पश्चिम बंगाल लहूलुहान’ में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसमें घुसपैठ, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, कृषि संकट और स्वास्थ्य सेवाओं के पतन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
Amit Shah In Bengal: ‘सिंडिकेट राज’ और भ्रष्टाचार के आरोप
चार्जशीट में दावा किया गया है कि राज्य में ‘सिंडिकेट राज’ स्थापित हो चुका है, जहां कोयला, पीडीएस, एसएससी और मनरेगा जैसी योजनाओं में व्यापक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि ‘कट-मनी’ की संस्कृति सरकारी तंत्र में गहराई तक फैल चुकी है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है।
घुसपैठ और सुरक्षा पर सवाल
बीजेपी ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार परोक्ष रूप से घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। चार्जशीट के मुताबिक, राज्य की लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा के बड़े हिस्से में अब तक बाड़ नहीं लग पाई है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।

Amit Shah In Bengal: कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा मुद्दा
चार्जशीट में यह भी दावा किया गया कि 2016 के बाद से राज्य में सैकड़ों राजनीतिक हत्याएं और हजारों हत्या के प्रयास हुए हैं। वहीं महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर भी सरकार को घेरा गया है। बीजेपी ने कहा कि कई चर्चित मामलों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया।
उद्योग और रोजगार पर सवाल
बीजेपी का आरोप है कि राज्य से हजारों कंपनियां बाहर चली गईं, जिससे रोजगार के अवसर कम हुए। चार्जशीट में दावा किया गया कि बेरोजगारी के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को पलायन करना पड़ा है।
Amit Shah In Bengal: अमित शाह का चुनावी संदेश
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा, “यह चार्जशीट बंगाल की जनता की आवाज है। अब जनता को तय करना है कि वह भय का रास्ता चुनती है या विकास और भरोसे का।” उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में बदलाव की लहर है और इस बार जनता बीजेपी को बहुमत देगी।
सत्ता में आने पर वादे
अमित शाह ने कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है, तो 45 दिनों के भीतर सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी और घुसपैठ पर रोक लगाई जाएगी। इसके अलावा एसएससी भर्ती घोटाले से प्रभावित युवाओं को राहत देने के लिए उम्र सीमा में 5 साल की छूट देने का भी वादा किया गया।
Amit Shah In Bengal: चुनावी माहौल हुआ गरम
इस चार्जशीट के जारी होने के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत और गरमा गई है। चुनावी मुकाबले में बीजेपी और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक तापमान और बढ़ने की संभावना है।
ये भी पढ़े… “नोएडा था लूट का ATM”- PM मोदी का जेवर एयरपोर्ट से विपक्ष पर बड़ा हमला! जानिए विस्तार से…







