Amit Shah: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की राष्ट्रीय आईईडी डेटा प्रबंधन प्रणाली (एनआईडीएमएस) का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में गृह सचिव, आईबी निदेशक, एनएसजी महानिदेशक, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख और राज्यों के पुलिस महानिदेशक शामिल हुए।
आतंकवाद के विरुद्ध नेक्स्ट जेनरेशन कवच
गृह मंत्री ने कहा कि एनआईडीएमएस आने वाले समय में आतंकवादी घटनाओं की जांच और विश्लेषण के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में एकत्र किए गए व्यापक डेटा को अब व्यवस्थित रूप से जोड़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित विश्लेषण किया जाएगा, जिससे यह प्रणाली आतंकवाद के खिलाफ एक नेक्स्ट जेनरेशन सुरक्षा कवच बनेगी।
Amit Shah: एकीकृत और ऑनलाइन डेटा प्लेटफॉर्म
अमित शाह ने बताया कि एनआईडीएमएस एनआईए, राज्यों की एटीएस, पुलिस और सभी सीएपीएफ को एक साझा, दो-तरफा और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। देश के किसी भी हिस्से में हुए विस्फोट या आईईडी से जुड़ा डेटा इसमें दर्ज किया जा सकेगा, जिससे जांच एजेंसियों को त्वरित और सटीक मार्गदर्शन मिलेगा।
आंतरिक सुरक्षा को मिलेगा बड़ा लाभ
उन्होंने कहा कि एनएसजी के पास 1999 से अब तक के सभी बम विस्फोटों का डेटा मौजूद है, जो अब एनआईडीएमएस के जरिए साझा होगा। यह प्लेटफॉर्म “एक राष्ट्र, एक डेटा भंडार” की अवधारणा को मजबूत करेगा और वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित अभियोजन व बेहतर एजेंसी समन्वय सुनिश्चित करेगा।






