Assam Elections 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के मद्देनज़र भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को गुवाहाटी में सर्वदलीय बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की। उनके साथ चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी मौजूद रहे।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव पर फोकस
इस बैठक में असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सहित भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। आयोग की ओर से यह परामर्श आगामी विधानसभा चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की प्रारंभिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया।
Assam Elections 2026: राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों की भागीदारी
बैठक में कई मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय दलों में आम आदमी पार्टी , भारतीय जनता पार्टी , भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और काग्रेस शामिल थीं। वहीं, क्षेत्रीय दलों में अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा, असम गण परिषद, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने अपने विचार रखे।
एक या दो चरणों में चुनाव की मांग
अधिकांश राजनीतिक दलों ने प्रशासनिक सुविधा और मतदाता भागीदारी का हवाला देते हुए मांग की कि असम विधानसभा चुनाव एक ही चरण में या अधिकतम दो चरणों में कराए जाएं। दलों का मानना है कि इससे मतदान प्रतिशत बढ़ेगा और सुरक्षा व्यवस्था भी अधिक प्रभावी ढंग से लागू की जा सकेगी।
Assam Elections 2026: बिहू पर्व को ध्यान में रखने का आग्रह
बैठक में कई दलों ने आयोग से आग्रह किया कि चुनाव कार्यक्रम तय करते समय राज्य के प्रमुख सांस्कृतिक पर्व बिहू को ध्यान में रखा जाए। उनका कहना था कि त्योहारों के दौरान मतदान कराने से मतदाता सहभागिता प्रभावित हो सकती है।
मतदाता सूची और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
राजनीतिक दलों ने मतदाता सूची के विशेष संशोधन अभियान की सराहना की और चुनाव आयोग के प्रयासों को सकारात्मक बताया। इसके साथ ही मतदान व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने से जुड़े सुझाव और चिंताएं भी साझा की गईं।
Assam Elections 2026: आयोग ने दिया आश्वासन
चुनाव आयोग ने सभी दलों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों और फीडबैक पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। आयोग ने संविधान और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी और हिंसा-मुक्त चुनाव कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जल्द घोषित हो सकता है चुनाव कार्यक्रम
गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 में प्रस्तावित हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि भारत निर्वाचन आयोग आने वाले हफ्तों में चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा कर सकता है।
ये भी पढ़े… Yogi: विधायक नंदकिशोर गुर्जर की शिष्टाचार भेंट या सियासी संदेश? सीएम योगी से मुलाकात के क्या हैं मायने जानिए






