AYODHYA NEWS: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने राम मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान राम का आशीर्वाद लिया। अयोध्या पहुंचने पर उन्होंने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत भी की।
राम मंदिर पर साफ किया रुख
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने कभी मंदिर निर्माण का विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा, “मैंने राम मंदिर का विरोध नहीं किया, बल्कि निर्माण के लिए दान दिया है।” उन्होंने बताया कि उन्होंने मंदिर ट्रस्ट को 1.10 लाख रुपये का योगदान दिया था।
AYODHYA NEWS: राम नवमी पर दी शुभकामनाएं
उन्होंने राम नवमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। उन्होंने कहा कि वे अयोध्या राजनीति करने नहीं, बल्कि आस्था के साथ दर्शन करने आए हैं।
राहुल गांधी के दौरे पर क्या बोले
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संभावित अयोध्या दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस बारे में राहुल गांधी से ही पूछा जाना चाहिए और उन्हें इसमें कोई आपत्ति नहीं है।
AYODHYA NEWS: हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में पूजा
अयोध्या प्रवास के दौरान दिग्विजय सिंह ने हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
कांग्रेस के रुख पर फिर चर्चा
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने राम मंदिर निर्माण के समर्थन में खुलकर बयान नहीं दिया था और जनवरी 2024 में हुए प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण भी ठुकरा दिया था। पार्टी ने उस समय इसे राजनीतिक आयोजन बताया था और कहा था कि मंदिर निर्माण कार्य अधूरा था।
AYODHYA NEWS: भाजपा ने साधा निशाना
दिग्विजय सिंह के इस दौरे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भोपाल से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें राम मंदिर यात्रा के दौरान 1992 के कारसेवकों को भी श्रद्धांजलि देनी चाहिए।
बयान से तेज हुई सियासत
दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद राम मंदिर को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। एक ओर जहां कांग्रेस नेता इसे व्यक्तिगत आस्था बता रहे हैं, वहीं भाजपा इसे राजनीतिक रुख में बदलाव के तौर पर देख रही है।
ये भी पढ़े… LPG-पेट्रोल संकट की आशंका! योगी आदित्यनाथ बोले – युद्ध लंबा चला तो तैयार रहें, क्या बढ़ने वाली हैं दिक्कतें?







