Bangal News: अलीपुरद्वार जिले के जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय खैर लकड़ी तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में वन विभाग की दक्षिण रेंज टीम ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से संगठित लकड़ी तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
गुप्त सूचना पर तड़के की गई कार्रवाई
वन विभाग को पिछले कुछ दिनों से अवैध खैर लकड़ी तस्करी की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे पुटिमारी मोड़ पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान वनकर्मियों ने दो संदिग्ध वाहनों को रोका। जांच में एक बड़े कैंटर ट्रक से भारी मात्रा में खैर लकड़ी बरामद की गई, जबकि मारुति स्विफ्ट डिज़ायर कार का इस्तेमाल ट्रक को एस्कॉर्ट करने के लिए किया जा रहा था।

Bangal News: अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं, जो असम, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में सक्रिय है। वन विभाग को इस गिरोह के भारत–बांग्लादेश सीमा से संभावित संपर्क की भी आशंका है। गिरफ्तार आरोपियों में हिमाचल प्रदेश, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और बिहार के विभिन्न जिलों के लोग शामिल हैं।
वाहन जब्त, जांच जारी
जलदापाड़ा वन विभाग के प्रभागीय वन अधिकारी परवीन कसवां ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और वन एवं वन्यजीव संरक्षण कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी आरोपियों को अलीपुरद्वार के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें…दिल्ली में जाम और प्रदूषण पर वार, डीयूएमटीए का प्रस्ताव







