Bangal News: कोचबिहार जिले के माथाभांगा-1 ब्लॉक अंतर्गत शिकरपुर ग्राम पंचायत के चेनाकाटा इलाके में रेत से लदे भारी डंपरों की आवाजाही को लेकर गुरुवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने जर्जर पुल से भारी वाहनों के गुजरने पर गंभीर आपत्ति जताई और संभावित हादसे की आशंका को लेकर डंपरों को रोक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जर्जर पुल से हादसे की आशंका, ग्रामीणों में डर
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चेनाकाटा से नलंगिबाड़ी जाने वाले मार्ग पर सुतुंगा नदी के ऊपर बना पुल काफी लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। पुल की हालत इतनी खराब है कि हल्के वाहनों के गुजरने पर भी कंपन महसूस होता है। ऐसे में रेत से लदे भारी डंपरों की आवाजाही से पुल के कभी भी टूटने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुल टूटता है तो बड़े जान-माल के नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता।

Bangal News: दो रेत लदे डंपर रोके गए, पुलिस ने किया जब्त
पुल टूटने की आशंका को देखते हुए गुरुवार सुबह स्थानीय निवासियों ने दो रेत लदे डंपरों को रास्ते में ही रोक लिया। घटना की जानकारी मिलते ही माथाभांगा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत किया और दोनों डंपरों को जब्त कर थाने ले गई।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल की स्थिति की तत्काल जांच कराने, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ये भी padhen…चुनाव से पहले अलर्ट: नदिया से हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार







