Bangla News: पश्चिम बंगाल के हावड़ा में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शालिमार रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म में प्रवेश करते समय एक लोकल ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्लेटफॉर्म का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत और बहाली कार्य शुरू कर दिया।
प्लेटफॉर्म में घुसते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सांतड़ागाछी से शालिमार आ रही लोकल ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर 3 के पास पहुंची, अचानक उसका एक डिब्बा पटरी से उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डिब्बा घिसटते हुए प्लेटफॉर्म की ओर चला गया, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए। हालांकि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Bangla News: रेलवे ने दी सफाई, ट्रेन थी खाली
इस संबंध में दक्षिण-पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश चरण ने बताया कि घटना के समय ट्रेन में कोई भी यात्री सवार नहीं था। उन्होंने कहा कि ट्रेन खाली होने के कारण किसी के हताहत होने की आशंका नहीं रही। मौके पर रेलवे के इंजीनियर और तकनीकी टीमें मौजूद हैं।
सेवाएं प्रभावित, जांच जारी
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं। दोपहर तक पटरी से उतरे डिब्बे को हटाने का काम शुरू कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं और बहाली कार्य पूरा होने के बाद सेवाएं सामान्य करने की बात कही है।
ये भी पढ़ें… आसनसोल उत्तर में भाजपा की सियासी हलचल तेज, तृणमूल के गढ़ में सेंध की तैयारी






