Bangladesh News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने बांग्लादेश सहित पड़ोसी देशों में हिंदू अल्पसंख्यकों की स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में आयोजित संघ की अखिल भारतीय बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों में बताया गया कि विश्व स्तर पर हिंदुओं की जनसंख्या का अनुपात लगातार घट रहा है, जो संघ के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
जहां हिंदू अल्पसंख्यक, वहां संगठन का मंत्र
बैठक में इस बात पर मंथन हुआ कि जिन देशों में हिंदू अल्पसंख्यक हैं, वहां वे संगठित नहीं हैं, जिसके चलते उन्हें हिंसा, उत्पीड़न और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। सूत्रों के अनुसार, आरएसएस अब ‘जहां हिंदू अल्पसंख्यक, वहां संगठन’ के मंत्र के साथ मिशन मोड में काम करने की योजना बना रहा है, ताकि समुदाय को संगठित और सशक्त किया जा सके।
Bangladesh News: बांग्लादेश पर विशेष फोकस
सूत्रों का कहना है कि बैठक में सबसे अधिक चर्चा बांग्लादेश की मौजूदा परिस्थितियों को लेकर हुई। आरएसएस अब बांग्लादेश में स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवक नेटवर्क और हिंदू संगठनों को खड़ा करने की योजना पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य आपदा या हिंसा की स्थिति में स्थानीय हिंदुओं को आत्मरक्षा के लिए तैयार करना और उनकी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना है।
केंद्र सरकार से संभावित बातचीत
इस रणनीति को लागू करने के लिए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की जल्द ही केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होने की संभावना है। इसमें पड़ोसी देशों में हिंदुओं की सुरक्षा, कूटनीतिक पहल और जमीनी स्तर पर उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जाएगी। संघ का मानना है कि समय रहते ठोस प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाले वर्षों में इन देशों से हिंदुओं का अस्तित्व समाप्त होने का खतरा है।
ये भी पढ़ें…इस दिन से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, मंत्री किरण रिजिजू ने दी जानकारी






