Bareilly news: जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो संदिग्ध कश्मीरी युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों युवक इलाके में घूम-घूमकर भीख मांग रहे थे, जिनकी गतिविधियां स्थानीय लोगों को संदिग्ध लगीं। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी सामने आई है कि दोनों युवक पास की एक मस्जिद में ठहरे हुए थे।
भीख मांगते देख ग्रामीणों को हुआ शक
इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह के मुताबिक, दोनों युवक अहलादपुर चौकी क्षेत्र के धीमरी गांव में एक मस्जिद में रुके हुए थे। ग्रामीणों ने शनिवार सुबह उन्हें घर-घर भीख मांगते देखा। उनकी भाषा और बोलचाल के तरीके से लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस के ‘एक्स’ (X) अकाउंट पर शिकायत दर्ज कराई गई।
Bareilly news: पुलिस को देखकर नमाज में हो गए शामिल
सूचना मिलने पर इज्जतनगर पुलिस गांव पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को देखकर दोनों युवक भीड़ में शामिल होकर नमाज पढ़ने लगे और नजरों से ओझल हो गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने दोबारा सूचना दी कि दोनों युवक फिर गांव में दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
Bareilly news: कश्मीर के पुंछ जिले के निवासी
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने अपने नाम शौकत अली और सज्जाद बताए हैं। उन्होंने खुद को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले का निवासी बताया। दोनों का कहना है कि वे गरीब हैं और भीख मांगकर अपना गुजारा करते हैं। हालांकि, कई घंटे की पूछताछ के बावजूद वे कोई ठोस और स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
दस्तावेजों की जांच, खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय
Bareilly news: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों के आधार कार्ड और तस्वीरें कश्मीर पुलिस को सत्यापन के लिए भेज दी हैं। साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी पूछताछ में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों युवक पहले भी दिसंबर के महीने में बरेली आ चुके हैं। इस बार वे 10 दिसंबर को बरेली पहुंचे थे और तब से गांव में रह रहे थे। फिलहाल दोनों से लगातार पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें: तमंचे के साए में कानून! मेरठ में किशोर पर हमला, जंगल में बेखौफ फायरिंग, वीडियो ने खोली पुलिस की सेटिंग की पोल






