Bengal News: पश्चिम बंगाल के कोचबिहार जिले में एक बार फिर सियासी तनाव देखने को मिला है। पेटला ग्राम पंचायत के छोटे बोयालमारी इलाके में आयोजित भाजपा की बैठक के मंच में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगाया गया है। बुधवार दोपहर हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, वहीं राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।
भाजपा का आरोप: बैठक से पहले किया गया हमला
सिताई 3 नंबर मंडल भाजपा अध्यक्ष कृष्ण कमल बर्मन ने आरोप लगाया कि बुधवार को उनकी पार्टी की विधानसभा स्तरीय आंतरिक बैठक आयोजित होनी थी। इस बैठक में पार्टी के कई जिम्मेदार पदाधिकारियों के शामिल होने की तैयारी थी। लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही तृणमूल कांग्रेस के कथित उपद्रवियों ने सभा स्थल पर पहुंचकर मंच में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि इस दौरान मौके पर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त किया गया। भाजपा नेताओं का यह भी कहना है कि बैठक समाप्त होने के बाद नेताओं के लिए तैयार किए गए भोजन के बर्तन भी तोड़ दिए गए, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह बाधित हो गया।

Bengal News: तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
भाजपा के इन आरोपों को तृणमूल कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया है। दिनहाटा वन-ए ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु चंद्र राय ने कहा कि भाजपा का काम केवल राजनीतिक लाभ के लिए आरोप लगाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तोड़फोड़ की घटना में तृणमूल कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता या समर्थक शामिल नहीं है।
इलाके में तनाव, स्थिति पर नजर
घटना के बाद छोटे बोयालमारी इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से क्षेत्र की राजनीति और अधिक गर्मा गई है।
ये भी पढ़ें…मुर्शिदाबाद में बांग्लादेशी घुसपैठियों की गिरफ्तारी, सीमा सुरक्षा पर फिर सवाल






