Bengal News: आज सुबह अचानक आए भूकंप के तेज झटकों से बसीरहाट महकमे के विभिन्न इलाकों में हड़कंप मच गया। तेज झटकों के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, अभी तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लोग अब भी भय में हैं।
मकानों में दरारें और हल्का नुकसान
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, त्रिमोहिनी के पश्चिम पाड़ा इलाके में एक घर की दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि एक घर में टाइल्स भी गिर गईं। झटके महसूस होते ही घर के सदस्य बाहर निकल आए, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
Bengal News: शैक्षणिक संस्थान और दुकानों को भी नुकसान
संदेशखाली के कालीनगर हाई स्कूल की एक दीवार में दरारें आने की जानकारी मिली है, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, बसीरहाट 72 नंबर बस स्टैंड इलाके में एक दुकान का शीशा टूट गया। दुकानदारों के अनुसार, भूकंप के झटकों के कारण कांच कांप कर टूट गया।
प्रशासन ने स्थिति पर रखी नजर
बसीरहाट महकमे के अन्य क्षेत्रों में भी भूकंप का असर देखने को मिला है, लेकिन किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए लोगों को सुरक्षा के उपायों की सलाह दी है। भूकंप के केंद्र और तीव्रता को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।






