Bengal News: विधानसभा चुनाव से पहले भातार विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भातार बाजार और आसपास के इलाकों में लगे कुछ आपत्तिजनक और कटाक्ष भरे पोस्टरों ने स्थानीय राजनीति में सनसनी फैला दी है। इन पोस्टरों में भातार के विधायक मान गोबिंद अधिकारी और जिला परिषद सदस्य शांतनु कर की कार्यशैली पर सीधा हमला किया गया है।
पोस्टरों की भाषा ने बढ़ाई हलचल
पोस्टरों में बेहद तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए विधायक और जिला परिषद सदस्य पर क्षेत्र की जनता को निराश करने का आरोप लगाया गया है। पोस्टर में यह तक लिखा गया है कि किसी भी कीमत पर इन्हें दोबारा विधायक पद का उम्मीदवार नहीं बनाया जाए। पोस्टर के अंत में इसे “भातार क्षेत्रवासियों” की ओर से बताया गया है, जिससे असंतोष को जनभावना के रूप में दिखाने की कोशिश की गई है।
Bengal News: कौन है पोस्टर के पीछे, स्पष्ट नहीं
पोस्टर सामने आने के बाद यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन्हें किसने और किस मकसद से लगाया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ये पोस्टर कई चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एक साथ दिखाई दिए, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। सुबह होते ही आम लोगों के बीच इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई।
चुनावी रणनीति या अंदरूनी कलह?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही इस तरह की पोस्टर राजनीति तेज हो जाती है। कुछ लोगों का कहना है कि इसके पीछे विपक्षी दलों की रणनीति हो सकती है। वहीं भाजपा का दावा है कि यह सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और आपसी खींचतान का नतीजा है।
Bengal News: प्रशासन सतर्क, माहौल पर नजर
मामले को देखते हुए प्रशासन ने भातार इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक तापमान और बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
रिपोर्ट – पीजेश
ये भी पढ़े…मुंबई कोर्ट ने ₹25,000 करोड़ के एमएससीबी घोटाले में अजित पवार और परिवार को दी क्लीन चिट






