Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शुक्रवार को देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी कॉन्फिडेंट ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन सीजे रॉय ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह घटना लॉन्गफोर्ड रोड स्थित उनकी संपत्ति पर हुई, जो अशोकनगर पुलिस थाना क्षेत्र में आती है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
ऑफिस में हुई घटना, अस्पताल में घोषित मृत
पुलिस के अनुसार, दोपहर बाद सीजे रॉय अपने कार्यालय लौटे थे। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Bengaluru News: आयकर विभाग की छापेमारी के बाद उठाया कदम?
बताया गया है कि घटना से पहले आयकर विभाग के अधिकारी दो वाहनों में रॉय के कार्यालय पहुंचे थे और करीब एक घंटे तक उनसे पूछताछ की गई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आयकर विभाग की लगातार छापेमारी और दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया हो। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच जारी, कारोबारी और सामाजिक पहचान
पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीजे रॉय 19 साल पहले स्थापित कॉन्फिडेंट ग्रुप के प्रमुख थे, जिसकी परियोजनाएं भारत, यूएई और अमेरिका में फैली हैं। वे सामाजिक कार्यों, गरीब छात्रों की मदद और युवाओं को प्रेरित करने के लिए भी जाने जाते थे।







