Bhagwanpur Sadhu Attack: पूर्व मेदिनीपुर जिले के भगवानपुर-1 ब्लॉक के गुड़ग्राम इलाके में बीती रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एक साधु-संत समागम और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस धार्मिक कार्यक्रम में आर्य समाज के सूर्यनंद महराज भी मौजूद थे।
प्रवचन के दौरान हमला
आयोजकों का आरोप है कि जब सूर्यनंद महराज मंच से प्रवचन दे रहे थे, उसी दौरान तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों ने पहले से योजना बनाकर उन पर हमला किया। बताया गया है कि कार्यक्रम के दौरान “जय श्रीराम” के नारे लगाने का विरोध किया गया और यह तक कहा गया कि नारा लगाने पर जान से मार दिया जाएगा।

Bhagwanpur Sadhu Attack: महराज अस्पताल में भर्ती
आरोपों के मुताबिक, इस हमले में जगन्नाथ माइती, प्रद्युत माइती और माधव माइती शामिल थे। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी गुड़ग्राम इलाके के ही रहने वाले हैं। हमले में घायल हुए सूर्यनंद महराज को इलाज के लिए एड़ाशाल रूरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि साधु-संतों की मौजूदगी में राजनीतिक भाषण दिए जा रहे थे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई।

राजनीतिक विवाद और बयानबाजी
तृणमूल कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा इस घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है और इसे राजनीतिक फायदा लेने के लिए प्रचार का रूप दिया जा रहा है।
इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और मामला धार्मिक कार्यक्रम, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और कानून-व्यवस्था के सवालों के बीच चर्चा में है।
Report By: Pijush







