Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा में हुई हिंसक वारदात और अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। डिप्टी सीएम ने कहा है कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौकस और मजबूत है। एनडीए और नीतीश कुमार की सरकार लगातार निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान ऐसी घटना होना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन बिहार में अब भी कानून-व्यवस्था दुरुस्त है। नीतीश कुमार की सरकार में किसी तरह का कोई पक्षपात नहीं किया जाता है, न्याय होता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बाहुबली अनंत सिंह और उनके साथियों को गिरफ्तार किया है जो सुशासन की मिसाल है।
राजद-कांग्रेस गठबंधन का बिहार में कोई भविष्य नहीं
Bihar Election 2025: वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर भी केशव मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी ने कहा था कि अगर राजद को बहुमत मिला तो सभी विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा। इस पर मौर्य ने कहा कि अगर तेजस्वी यादव सभी विजयी प्रत्याशियों को उपमुख्यमंत्री भी बना दें, तब भी राजद-कांग्रेस गठबंधन का बिहार में कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वे 50 का आंकड़ा पार कर लें, वही बड़ी बात होगी। मौर्य ने कहा कि बिहार की जनता अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति से काफी ज्यादा उब चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन को देखते हुए बिहार के जनता इस बार मतदान करेगीं।
अनंत सिंह हुआ गिरफ्तार
Bihar Election 2025: वहीं दूसरी तरफ मोकामा में हुई झड़प के आरोप में जेडीयू उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तार के चलते राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है। अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रशासन ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। पिछले 48 घंटों से लगातार कैंप कर हालात पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है, लेकिन मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।उधर, एसएसपी ने बताया कि अनंत सिंह ने सरेंडर नहीं किया, बल्कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। जिन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा और मामले की न्यायिक जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि पटना में चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से होंगे। पुलिस और प्रशासन मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और किसी को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने से नहीं रोका जाएगा।
गौरतलब है कि मोकामा में आरजेडी समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या के बाद से राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है। इस हत्या को लेकर सियासी बयानबाज़ी पूरे बिहार में काफी तेज़ हो गई है। वहीं विपक्ष इस घटना को सामाजिक न्याय बनाम मनुवाद की लड़ाई बता रहा है, जबकि सत्तारूढ़ जेडीयू और भाजपा इसे कानून-व्यवस्था की सख़्ती का परिणाम बता रहे हैं। अगर बात करें तो बिहार की सबसे सवेंदनशील सीट मोकामा ही मानी जा रही है। जहां पहले चरण मेंं 06 नवम्बर को मतदान किया जायेगा।
Written By: Mukesh Tiwari
ये भी पढ़े… अनंत सिंह: जेडीयू उम्मीदवार की गिरफ्तारी के बाद पलटेगा बिहार चुनाव?







