Bihar Exam 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान रोहतास जिले के डेहरी स्थित रामारानी जैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर आज सोमवार को हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला। परीक्षा केंद्र पर कुछ ही मिनट की देरी से पहुंची छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिलने पर वे फफक-फफक कर रोने लगे। कई छात्राएं प्रवेश के लिए गिड़गिड़ाती रहीं, यहां तक कि मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मियों के पैरों में गिरकर भी गुहार लगाई, लेकिन अधिकारियों ने किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोई परीक्षार्थी एक मिनट तो कोई दो मिनट की देरी से पहुंचा था, लेकिन परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया था। छात्राएं दरवाजा पीट-पीटकर अंदर जाने की विनती करती रहीं, मगर प्रशासन अपने फैसले पर अडिग रहा। कुछ छात्राएं दूसरे रास्ते से केंद्र के अंदर प्रवेश कर भी गईं, लेकिन उन्हें भी बाहर निकाल दिया गया।
सड़क जाम ने बढ़ाई परेशानी
परीक्षार्थियों ने बताया कि शहर में सुबह से ही कई इलाकों में भीषण सड़क जाम लगा हुआ था, जिसके कारण वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके। छात्रों का कहना है कि यदि परीक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त की होती, तो उन्हें इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। प्रशासनिक लापरवाही की वजह से कई छात्रों का पूरा एक साल बर्बाद हो गया।

चेहरों पर मायूसी, माहौल हुआ भावुक
परीक्षा से वंचित छात्रों के चेहरे पर गहरी मायूसी साफ देखी गई। केंद्र के बाहर खड़े परीक्षार्थियों की नम आंखें और बेबसी ने माहौल को बेहद भावुक बना दिया। इस दौरान उनके साथ आए अभिभावक भी केंद्र अधीक्षक से बच्चों को प्रवेश दिलाने की लगातार गुहार लगाते रहे, लेकिन उनकी भी एक न सुनी गई। घटना के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। लोग इस बात को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि क्या चंद मिनट की देरी पर छात्रों का भविष्य दांव पर लगाना उचित है।
Report BY: Divakar Tiwari
ये भी पढ़े… कड़ी सुरक्षा के बीच बिहार में इंटर परीक्षा शुरू, 1762 केंद्रों पर 13.17 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल







