ख़बर का असर

Home » बिहार » कड़ी सुरक्षा के बीच बिहार में इंटर परीक्षा शुरू, 1762 केंद्रों पर 13.17 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल

कड़ी सुरक्षा के बीच बिहार में इंटर परीक्षा शुरू, 1762 केंद्रों पर 13.17 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल

Bihar Exam 2026

Bihar Exam 2026: बिहार में आज सोमवार से 12वीं कक्षा (इंटरमीडिएट) की वार्षिक परीक्षा की शुरुआत हो गई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में राज्य भर से 13.17 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बोर्ड की ओर से सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

दो पालियों में आयोजित परीक्षा

परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में विज्ञान संकाय के जीव विज्ञान तथा कला संकाय के दर्शनशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। सुबह आठ बजे से ही छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। बीएसईबी के अनुसार, इंटरमीडिएट की यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। प्रदेश भर में कुल 1762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चली, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है।

परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और समझने के लिए परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जा रहा है। पहले दिन दूसरी पाली में कला और वाणिज्य संकाय के छात्रों के लिए अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई। नकल पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बोर्ड ने कड़े कदम उठाए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले दो चरणों में सघन तलाशी से गुजरना पड़ा। सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Bihar Exam 2026: पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश

सभी परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इस वर्ष छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष ‘मॉडल परीक्षा केंद्र’ भी बनाए गए हैं। पूरे राज्य में कुल 152 मॉडल परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से चार पटना में स्थित हैं। इन मॉडल केंद्रों पर केवल छात्राएं ही परीक्षा दे रही हैं। खास बात यह है कि इन केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, निरीक्षक और सभी सुरक्षाकर्मी महिलाएं हैं। बीएसईबी का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़े… रेल में सफर करने वालों के लिए खुशखबरी, अब एक ही जगह से बुक होगी ट्रेन और नमो भारत ट्रेन की टिकट

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

Khabar India YouTubekhabar india YouTube poster

राशिफल