Bihar News: सिवान जिले का रेलवे स्टेशन प्रतिदिन लाखों यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों के बावजूद यहां सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। स्टेशन परिसर में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि यात्री, खासकर महिलाएं, खुद को असुरक्षित और असहज महसूस कर रही हैं।
बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं
महिला यात्रियों के लिए बनाए गए वेटिंग हॉल में आज भी कपड़े बदलने जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाली महिलाओं को इससे भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि यह न केवल असुविधाजनक है, बल्कि उनकी निजता और सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करता है।
Bihar News: आवारा कुत्तों का आतंक
वहीं स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आवारा कुत्तों का आतंक यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। घंटों तक प्लेटफार्म पर घूमते आवारा कुत्तों के कारण यात्रियों में भय का माहौल देखा गया। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इन कुत्तों से खासे डरे-सहमे नजर आए। कई यात्रियों ने आशंका जताई कि कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इतनी गंभीर समस्याओं के बावजूद रेलवे सुरक्षा कर्मियों और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम उठाते हुए नहीं दिख रहा है। न तो आवारा कुत्तों को हटाने की कोई व्यवस्था की गई है और न ही यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई सक्रिय पहल नजर आई है।
यात्रियों का कहना है कि सिवान रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण जंक्शन पर अगर सुविधाओं और सुरक्षा की यह स्थिति है, तो छोटे स्टेशनों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर रेलवे प्रशासन कब जागेगा और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक माहौल मुहैया कराएगा।
Report By: रवि कुमार गुप्ता







