Bihar Police: बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि जो अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देंगे, उन्हें गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अपराध के मामलों में कमी देखने को मिली
DGP विनय कुमार ने कहा कि कई बार ऐसी परिस्थितियां बन जाती हैं, जब पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है। उन्होंने फुलवारी शरीफ की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में हुई पुलिस कार्रवाई में एक अपराधी घायल हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस की प्राथमिकता हमेशा कानून के दायरे में रहकर जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अपराध के आंकड़ों को लेकर DGP ने दावा किया कि बिहार में अपराध के ग्राफ में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि पटना में विभिन्न श्रेणियों के अपराधों में करीब 25 प्रतिशत तक की कमी आई है, वहीं पूरे राज्य में भी अपराध के मामलों में कमी देखने को मिली है।
Bihar Police: बिहार में नक्सलवाद कमजोर पड़ा
ड्रग्स और साइबर अपराध को लेकर चिंता जताते हुए DGP ने कहा कि आज का युवा तेजी से नशे और साइबर अपराध की ओर आकर्षित हो रहा है, जो समाज और पुलिस प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि पुलिस ड्रग्स के काले कारोबार और साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आने वाले समय में और सख्ती की जाएगी। नक्सल गतिविधियों पर भी DGP ने राहत भरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार में नक्सलवाद कमजोर पड़ा है। हाल ही में मुंगेर में तीन बड़े नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि बेगूसराय में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक नक्सली मारा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क को लगातार कमजोर किया जा रहा है। इसके साथ ही DGP विनय कुमार ने आम जनता से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Report BY: Amit Kumar
ये भी पढ़े… केजरीवाल के खिलाफ ये बड़ा कदम उठाएगी रेखा सरकार? शिक्षकों के नाम पर झूठ फैलाने का लगा आरोप






