Bijapur Girls: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक हायर सेकेंडरी स्कूल की तीन आदिवासी छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। ये छात्राएं पोटा केबिन आवासीय संस्था (आरएमएसए) में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। इनमें से दो छात्राएं कक्षा 12वीं और एक कक्षा 11वीं की है, जबकि दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं। तीनों करीब पांच माह की गर्भवती हैं। मामले का खुलासा होने के बाद बताया जा रहा है कि छात्राओं को लगभग पांच महीने पहले ही संस्था से हटा दिया गया था। इसके बाद से उनकी स्कूल में उपस्थिति भी नियमित नहीं रही। हालांकि, कक्षा 12वीं की दो छात्राओं ने हाल ही में अपनी अंतिम परीक्षा दी है। संस्था की हॉस्टल वार्डन ने इस पूरे मामले से खुद को अलग बताते हुए कहा कि यह घटना उनके कार्यकाल की नहीं है। वहीं, इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है।

वहीं इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इस मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। जबकि बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में आदिवासी समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब आवासीय स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राएं ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
प्रशासनिक लापरवाही चर्चा का विषय
इस मामले में प्रशासनिक लापरवाही भी चर्चा का विषय बन गई है। जिले में शिक्षा विभाग के कई अधिकारी पदस्थ होने के बावजूद घटना की जानकारी पांच महीने तक सामने नहीं आना गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि छात्रावासों और आवासीय संस्थाओं का नियमित निरीक्षण नहीं हो रहा और निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। जिला शिक्षा अधिकारी लखनलाल धनेलिया ने कहा कि छात्राएं अपने घर से आना-जाना करती थीं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिला पंचायत सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री नीना रावतिया उद्दे ने भी मामले में प्रबंधन और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल, इस घटना ने क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था, छात्राओं की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़े… ADG राजा बाबू को बदमाशों ने घर में घुसकर दे डाली धमकी, पुलिस मुख्यालय को पत्र लिख मांगी सुरक्षा







