Bjp news: भारतीय जनता पार्टी (BJP) उत्तर प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की तैयारी में है। पार्टी के संगठन चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने गुरुवार को जानकारी दी कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र 13 दिसंबर को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक पार्टी के राज्य मुख्यालय पर दाखिल किए जाएंगे। डॉ. पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की मौजूदगी में यह प्रक्रिया संपन्न होगी। अगर एक से ज्यादा नामांकन होते हैं तो चुनाव कराया जाएगा। वहीं, अगर केवल एक ही नामांकन आता है तो अगले दिन 14 दिसंबर को चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे।
Bjp news: पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का फैसला
सूत्रों की मानें तो पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष की कमान पंकज चौधरी को सौंपने का फैसला कर लिया है। पंकज चौधरी फिलहाल केंद्र सरकार में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री हैं। कुर्मी समुदाय से आने वाले चौधरी उत्तर प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठतम नेताओं में गिने जाते हैं और उनके पास संगठन और प्रशासनिक अनुभव लंबा है। उनके अध्यक्ष बनने से 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को रणनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद है। चौधरी उत्तर प्रदेश की महाराजगंज लोकसभा सीट से 1991 से अब तक सात बार जीत चुके हैं। इस सीट से उन्होंने केवल 1999 और 2009 में चुनाव हारे हैं। कुर्मी जाति से आने वाले पंकज चौधरी का प्रभाव केवल महाराजगंज तक ही नहीं, बल्कि पड़ोसी सिद्धार्थनगर और आसपास के जिलों के साथ-साथ नेपाल में भी है।
पंकज चौधरी की संपत्ति और किंग मेकर छवि
Bjp news: पंकज चौधरी की संपत्ति भी चर्चा का विषय रही है। उनके चुनाव हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 41 करोड़ रुपये से अधिक है। चौधरी ने 12वीं तक पढ़ाई की है और 2004 में उनकी संपत्ति एक करोड़ से अधिक थी, जो पिछले 20 साल में बढ़कर 41 करोड़ से ऊपर पहुंच गई है। वे आयुर्वेदिक तेल ‘राहत रूह’ बनाने वाली कंपनी हरबंशराम भगवानदास के मालिक भी हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में पंकज चौधरी की छवि किंग मेकर की है और इस समय प्रदेश में उनके कद का मुकाबला कोई कुर्मी नेता नहीं कर पा रहा है। प्रदेश में कुर्मी यादवों के बाद दूसरी सबसे बड़ी पिछड़ी जाति मानी जाती है, जिससे उनका राजनीतिक प्रभाव और भी महत्वपूर्ण बन जाता है।
यह भी पढ़ें: Mp News: मध्य प्रदेश: शिवपुरी में एडीएम का स्टेनो 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार






