Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फार्मा और बायोटेक्नोलॉजी क्षेत्र को मजबूती देने के लिए ‘बायोफार्मा शक्ति’ स्कीम का ऐलान किया। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अगले पांच वर्षों के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
1,000 टेस्टिंग साइट्स का राष्ट्रीय नेटवर्क
वित्त मंत्री ने बजट भाषण में बताया कि इस स्कीम के अंतर्गत देशभर में बायो-फार्मा को बढ़ावा देने के लिए 1,000 मान्यता प्राप्त परीक्षण (टेस्टिंग) स्थलों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य फार्मा रिसर्च, क्वालिटी टेस्टिंग और इनोवेशन को तेज करना है, जिससे भारत वैश्विक फार्मा हब के रूप में और मजबूत बन सके।
Budget 2026: फार्मा सेक्टर को मिलेगी नई गति
सरकार की इस पहल से देश के फार्मा सेक्टर में निवेश, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, ‘बायोफार्मा शक्ति’ स्कीम भारत को बायोलॉजिक्स, वैक्सीन और एडवांस्ड ड्रग डेवलपमेंट में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी।
रेयर अर्थ मिनरल्स पर भी फोकस
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने रेयर अर्थ मिनरल्स को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने ओडिशा, केरल और आंध्र प्रदेश जैसे खनिज संपन्न राज्यों को रेयर अर्थ मिनरल्स की खोज और विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से समर्थन देने की बात कही। इसके तहत रेयर अर्थ कॉरिडोर्स विकसित किए जाएंगे और खनन व रिसर्च गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
Budget 2026: सुधारों की रफ्तार तेज
वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार अब तक 350 से अधिक सुधार लागू कर चुकी है, जिनमें जीएसटी और लेबर कोड्स जैसे बड़े सुधार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का असर देश की आर्थिक स्थिरता और विकास पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
नौवीं बार बजट, इतिहास के करीब सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने कहा, “12 साल पहले सत्ता संभालने के बाद से देश की आर्थिक प्रगति स्थिरता, राजकोषीय अनुशासन, निरंतर विकास और मध्यम मुद्रास्फीति से चिह्नित रही है। यह अनिश्चितताओं के दौर में लिए गए सोच-समझकर फैसलों का नतीजा है।” यह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां बजट है। इसके साथ ही वह पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के 10 बजटों के रिकॉर्ड के और करीब पहुंच गई हैं।
ये भी पढ़े… पढ़ाई से नौकरी तक सीधा रास्ता, सरकार बनाएगी हाई-पावर कमेटी







