Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जिले के नीमखेड़ा गांव में आम के बाग की पैमाइश के दौरान हुए विवाद में पूर्व विधायक हाजी अलीम के भतीजे सुफ़ियान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी और गांव में तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया।
पहले जानें मामला…
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, सुफ़ियान अपने परिवार के साथ बाग की पैमाइश कराने गए थे। बताया जा रहा है कि बाग की खरीद को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पैमाइश के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। हमलावरों ने सुफ़ियान और उनके परिवार पर हमला कर दिया। सुफ़ियान को लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि सुफ़ियान का बड़ा भाई अकरम भी गंभीर रूप से घायल हुआ। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Bulandshahr News: लाइसेंसी पिस्टल गायब होने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद उनके एक सदस्य की लाइसेंसी पिस्टल भी गायब हो गई। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई है और जांच में इसे भी शामिल किया गया है। आपको बता दें कि सुफ़ियान आरएलडी नेता और ब्लाक प्रमुख हाजी यूनुस के भतीजे थे। उनके चाचा हाजी अलीम बसपा के टिकट पर विधायक रह चुके हैं, जिनकी 10 अक्टूबर 2018 को हत्या हो गई थी।
एसएसपी क्या बोले?
घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। गांव और आसपास के इलाकों में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल, पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण बाग की खरीद और पैमाइश को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
मामले में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… दिल्ली पुलिस की दलीलों की जीत या देश की सुरक्षा का सवाल? उमर खालिद-शरजील को SC से क्यों नहीं मिली जमानत?






